मुकेश अंबानी ने केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम पहुँच किया दर्शन, दोनों मंदिरों को दान किए ₹5 करोड़: 5G इंटरनेट, डॉक्टरों की तैनाती और ICU का भी कराएँगे काम

उत्तराखंड में केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन को पहुँचे मुकेश अंबानी

विश्व के नौंवें सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी गुरुवार (13 अक्टूबर, 2022) को उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुँचे। इस दौरान उन्होंने दोनों मंदिरों को ढाई-ढाई करोड़ रुपए का दान भी दिया। सबसे पहले उन्होंने केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना की, उसके बाद बद्रीनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुँचे। दोनों मंदिर की समितियों को 5 करोड़ रुपए दान दिए। मुकेश अंबानी ‘रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड’ के चेयरमैन हैं। 2015 से वो हर साल केदारनाथ-बद्रीनाथ के दौरे पर आते रहे हैं।

मुकेश अंबानी भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। भारत में पहले स्थान पर 10.43 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ गौतम अडानी है, जो दुनिया के चौथे अमीर शख्स भी हैं। वहीं मुकेश अंबानी की संपत्ति फ़िलहाल 7.54 लाख करोड़ रुपए है। कुछ दिनों पहले एक मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति हुआ करते थे, लेकिन गौतम अडानी ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। अब मुकेश अंबानी अपने बेटे-बेटियों अनंत, आकाश और ईशा में कंपनी की जिम्मेदारियाँ बाँट रहे हैं।

हाल ही में उन्होंने केरल के गुरुवायुर मंदिर जाकर दर्शन किया था, जो भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर है। उनके साथ उनके छोटे बेटे आकाश अंबानी की मंगेतर राधिका मर्चेंट भी थीं। वहाँ उन्होंने अन्नदानम (भोजन और प्रसाद के लिए दान) के रूप में 1.51 करोड़ रुपए की कन्निका (दान के रुपए) भी भेंट की। उन्होंने ‘सोपानम (गर्भगृह)’ में जाकर घी भी अर्पित किया था। वहीं सितंबर में वो प्राचीन वेंकटेश्वर मंदिर भी पहुँचे थे, जो तिरुमला के नजदीक है।

बता दें कि राधिका मर्चेंट ‘Encore Healthcare’ के CEO वीरेन मर्चेंट की बेटी हैं। अंबानी के साथ मंदिरों के दर्शन के लिए RIL के कई अधिकारी भी गए थे। उन्होंने वहाँ भी TTD (तिरुमला तिरुपति देवस्थानम) को 1.5 करोड़ रुपए का चेक दिया था। हालिया उत्तराखंड दौरे में बद्रीनाथ मंदिर समित्ति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने उनका स्वागत किया। अंबानी गीता पाठ पूजा का भी हिस्सा बने। उन्होंने केदारनाथ-बद्रीनाथ दौरे में 5G सुविधा के साथ-साथ डॉक्टरों की तैनाती और ICU बनवाने का भी वादा किया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया