शबाना खातून को अभिषेक से प्यार… अब्बा नहीं माने तो रमजान में घर से भाग की शादी: अब जान को खतरा, बिहार पुलिस से माँग रही सुरक्षा

शबाना खातून ने अभिषेक से की शादी (चित्र साभार- क्राइम खबर)

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की एक मुस्लिम लड़की ने हिंदू लड़के से शादी की है। लड़की ने खुद को बालिग बताते हुए कट्टरपंथियों से अपनी जान और अपने पति की जान का खतरा बताया है। लड़की ने आगे भी अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई है। 42 दिन पहले वह अपना घर छोड़ कर प्रेमी के साथ चली गई थीं। इसके बाद लड़की के घर वालों ने उसके ससुराल में पति सहित 5 सदस्यों पर अपहरण का केस दर्ज करवाया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला मुजफ्फरपुर जिले के थानाक्षेत्र अहियापुर का है। यहाँ के शहबाजपुर की रहने वाली युवती का नाम शबाना खातून है। शबाना ने बताया कि वह अभिषेक से पिछले 4 वर्षों से परिचित थीं। दोनों पड़ोसी हैं और पहले से दोस्ती है। कुछ दिनों बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। इस दौरान उसने अपने घर वालों को भी इस बात की जानकारी दी थी।

दोस्ती, प्यार और शादी करने की इच्छा बताने के बाद भी अभिषेक के हिन्दू होने की वजह से शबाना के अब्बा नूर मोहम्मद ने इस रिश्ते का विरोध किया। दोनों के मिलने-जुलने पर भी पाबन्दी लगा दी। आखिरकार रमजान के महीने में शबाना अपने प्रेमी अभिषेक के साथ दिल्ली चली गई।

शबाना के घर से जाते ही उसके परिजनों ने अहियापुर थाने में अभिषेक सहित उसके परिवार के 5 लोगों पर अपहरण की FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने केस दर्ज कर के शबाना की तलाश जारी रखी। उधर दिल्ली में शबाना और अभिषेक ने कोर्ट मैरिज कर लिया। दोनों की शादी दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में हुई है।

घर से निकलने के लगभग 42 दिनों के बाद शबाना अपने पति अभिषेक के साथ मुजफ्फरपुर पहुँचीं। यहाँ वो सीधे पुलिस के पास गईं और खुद के बालिग होने के साथ अपनी शादी के सबूत दिए। पुलिस ने शबाना का बयान कोर्ट में दर्ज करवाया।

खुद को 21 साल की बताते हुए शबाना ने मीडिया से बात करते हुए अपनी, अपने पति व उनके परिवार वालो की जान को खतरा बताया और पुलिस से सुरक्षा की भी माँग की है। लड़की द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर डिप्टी SP राघव दयाल ने कहा कि शबाना बालिग हैं और अपनी मर्जी से कोर्ट मैरिज कर चुकी हैं। DSP के मुताबिक लड़की ने पुलिस के आगे दिए गए 161 के बयान में अभिषेक के साथ अपनी मर्जी से शादी करना और उन्हीं के साथ रहने की इच्छा जताई है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया