जिस सज्जाद की कई बार की मदद, उसी ने बनाया बंधक: बेटे को जान से मारने की धमकी देकर 5 दिनों तक दलित महिला से रेप, UP पुलिस ने दबोचा

जौनपुर में दलित महिला से रेप केस में साबिर उर्फ़ सज्जाद गिरफ्तार (चित्र साभार- दैनिक भास्कर)

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक दलित महिला से रेप का मामला सामने आया है। यहाँ जान-पहचान के ऑटो चालक सज्जाद ने पीड़िता को चाय में नशा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता को आरोपित द्वारा 5 दिनों तक बंधक भी बनाकर रखा गया। घटना 19 मार्च 2024 की है। पुलिस ने सज्जाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे 3 अप्रैल 2024 को गिरफ्तार कर लिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना जौनपुर के थाना क्षेत्र रामपुर की है। यहाँ की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दी है। महिला का पति महाराष्ट्र के मुंबई में रहता है, जबकि देवर और देवरानी पुणे शहर में रहते हैं। पीड़िता के देवर-देवरानी कुछ दिनों के लिए गाँव आए थे। उन्हें 19 मार्च को वापस पुणे जाना था। ट्रेन पकड़ने के लिए इन दोनों को वाराणसी जंक्शन पहुँचना था।

लगभग 60 किलोमीटर दूर स्टेशन तक जाने के लिए पीड़िता ने गाँव के ही रहने वाले साबिर उर्फ़ सज्जाद को सम्पर्क किया। सज्जाद का निजी ऑटो है। दोनों परिवारों में पहले से जान-पहचान थी। पीड़िता के परिजनों ने पूर्व में कई बार सज्जाद की मदद भी की थी। सज्जाद पीड़िता के देवर-देवरानी को वाराणसी तक छोड़ने के लिए राजी हो गया। पीड़िता भी उसी ऑटो में बैठकर उन्हें छोड़ने वाराणसी गई।

बताया जा रहा है कि वापसी में जब महिला अकेली रह गई थी, तब सज्जाद ने बावतपुर क्षेत्र में चाय पीने के बहाने ऑटो रोक लिया। यहाँ उसने पीड़िता को भी चाय पिलाई। महिला का कहना है कि चाय पीने के बाद उसको चक्कर आने लगा और थोड़ी ही देर में वह बेहोश हो गई। होश आने पर पीड़िता ने खुद को एक कमरे में पाया और सामने सज्जाद मौजूद था।

सज्जाद को देखकर पीड़िता जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इस पर आरोपित ने पीड़िता के बच्चे की हत्या की धमकी देकर चुप करवाया और उसका रेप किया। महिला का आरोप है कि सज्जाद ने उसे 5 दिनों तक बंधक बनाकर रखा और इस दौरान आरोपित ने उससे कई बार बलात्कार किया। इधर घर न पहुँचने पर महिला के बेटे ने अपने मुंबई में काम कर रहे पिता को इसकी जानकारी दी।

महिला के पति ने पुणे में रहने वाले अपने भाई को भी इसकी जानकारी दी। आखिरकार पूरा परिवार 23 मार्च को वापस गाँव पहुँच गया। किसी अनहोनी की आशंका के चलते पीड़िता के घर वालों ने जौनपुर के थाना सुरेरी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। बताया जा रहा है कि मामला पुलिस तक पहुँचने की भनक सज्जाद को भी लग गई। उसने डरकर महिला को 24 मार्च को छोड़ दिया।

पीड़ित महिला आरोपित सज्जाद की कैद से छूटकर सीधे अपने घर पहुँची और परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। पीड़िता के घर वालों ने आरोपित सज्जाद पर कड़ी कार्रवाई की माँग उठाना शुरू कर किया। कुछ समय तक पुलिस भी अपराध और थाना क्षेत्र के चलते ऊहापोह की स्थिति में बनी रही।

आखिरकार सुरेरी थाना पुलिस ने घटना के लगभग 15 दिनों बाद FIR दर्ज करके सज्जाद को गिरफ्तार कर लिया। साबिर पर IPC की धारा 376, 323, 328, 343 और 506 के तहत कार्रवाई की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया