CDS बिपिन रावत और पूर्व CM कल्याण सिंह को पद्म विभूषण, वैक्सीन निर्माताओं को भी पद्म अवॉर्ड, सोनू निगम भी लिस्ट में: देखिए सूची

मरणोपरांत CDS बिपिन रावत, कल्याण सिंह समेत 4 हस्तियों को मिलेगा पद्म विभूषण (फाइल फोटोज)

केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार (25 जनवरी 2022) को पद्म पुरस्कारों (Padma Awards) की घोषणा की है। इस साल चार हस्तियों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इनमें से तीन लोगों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया है। पद्म विभूषण सम्मान पाने वालों में दिवंगत पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत, (मरणोपरांत), भाजपा के दिवंगत नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (मरणोपरांत), राधेश्याम खेमका (मरणोपरांत) और प्रभा अत्रे का नाम शामिल हैं। इस बार 128 लोगों को पद्म पुरस्कार सम्मान दिया जा रहा है। इनमें चार को पद्म विभूषण, 17 को पद्म भूषण और 107 को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा कॉन्ग्रेस नेता और जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के पूर्व सीएम गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को पद्म भूषण, अभिनेता विक्टर बनर्जी, पूर्व गृह सचिव राज राजीव महर्षि, माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख सत्या नडेला, SII के एमडी साइरस पूनावाला और गूगल के CEO सुंदर पिचाई को भी पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस बार केंद्र सरकार द्वारा वैक्सीन निर्माताओं को भी सम्मान दिया गया है।

भारत बायोटेक के फाउंडर कृष्ण इला और उनकी पत्नी सुचारिता इला को पद्मभूषण सम्मान से नावाजा जाएगा। टोक्यो ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने वाले नीरज चोपड़ा, प्रमोद भगत और वंदना कटारिया और गायक सोनू निगम को पद्मश्री से सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

बता दें कि 8 दिसंबर को हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे में देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत (CDS General Bipin Rawat) समेत 14 सैन्य अधिकारियों की मृत्यु हो गई थी। मृतकों में रावत के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के स्टाफ ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह और ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह भी शामिल थे।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया