रियासत के ‘रोहित स्टील’ से होता था शोर, कविता के परिवार ने कर दी शिकायत: घर में घुसकर पीटा, फरीदाबाद की घटना

फरीदाबाद का पीड़ित हिन्दू परिवार (चित्र साभार: फरीदाबाद लाइव)

हरियाणा के फरीदाबाद में एक हिन्दू परिवार ने पड़ोस के वर्कशॉप मालिक पर घर में घुस कर पिटाई का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि हिन्दू परिवार ने वर्कशॉप से होने वाले शोर को लेकर प्रशासन से शिकायत की थी। इससे नाराज होकर रियासत और राहत अली ने हिन्दू परिवार की पिटाई कर दी। मंगलवार (17 जनवरी 2023) को पुलिस से इसकी शिकायत की गई। रियासत और राहत रिश्ते में बाप-बेटे हैं तथा रोहित स्टील नाम से वर्कशॉप चलाते हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक मामला सेक्टर 23 की संजय कॉलोनी का है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय चैनल फरीदाबाद न्यूज़ पर अपनी व्यथा बताई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके घर के ठीक सामने रियासत और राहत का रोहित वर्कशॉप है। यहाँ लोहे और वेल्डिंग का काम होता है। वर्कशॉप से अक्सर मशीनों के चलने और हथौड़े आदि से पीटने की जोर-जोर से आवाजें आती हैं। पीड़ितों ने कहा कि इन आवाजों से उन्हें काफी परेशानी होती थी, जिसकी शिकायत उन्होंने अधिकारियों से की थी। इस की शिकायत 15 सितम्बर 2022 को मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई थी।

मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई इस शिकायत पर 13 दिसंबर 2022 को जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्र के SDM ने स्थानीय नायब तहसीलदार को 16 जनवरी 2023 तक जाँच कर के आख्या पेश करने को कहा था। ऑपइंडिया के पास शिकायत और SDM के आदेश की कॉपी मौजूद है। इस शिकायत पर अधिकारियों ने वर्कशॉप की जाँच की। अपनी शिकायत में पीड़ित परिवार ने कहा है कि आरोपितों ने वर्कशॉप की जाँच करने वाले अधिकारियों के लौट जाने के बाद उन पर हमला कर दिया। इस हमले में घर में घुस कर मारपीट के साथ सोने की चेन भी छीन ली गई। हमलावरों की संख्या 4 बताई जा रही है। पीड़िता कविता के मुताबिक उनके हाथों को मरोड़ दिया गया और बेरहमी से पिटाई की गई। पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि पुलिस में शिकायत करने के बाद आरोपितों ने फिर से घर में घुस कर मारा और पथराव किया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि दोबारा हमले की वजह पुलिस द्वारा पहली शिकायत में की गई शिथिलता है। एक अन्य पीड़ित अजय के अनुसार उन्हें 9 टाँके लगे हैं। हमले में सुनयना, दयानन्द और शुभम को भी चोटें आईं हैं। कविता का कहना है कि सम्भव है कि दुबारा उन पर हमला किया जाए। हमले में रॉड के साथ कुल्हाड़ी और बेलचे का प्रयोग किया गया है। हमलावरों में हरेराम शर्मा और अनिल शर्मा के भी शामिल होने का आरोप है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया