चाइनीज चापड़ से काटा श्रद्धा का हाथ, नार्को के लिए रिहर्सल करके गया: शातिर आफताब तिहाड़ में इंग्लिश नॉवेल पढ़ना चाहता है, शतरंज खेलकर बिता रहा समय

श्रद्धा मर्डर केस का आरोपित आफताब तिहाड़ जेल में माँग रहा इंग्लिश नॉवेल (चित्र साभार- @wasimkhan0730)

दिल्ली के महरौली में हुए श्रद्धा मर्डर केस में आरोपित आफताब का नार्को टेस्ट पूरा हो गया है। आशंका जताई जा रही रही कि अपनी करतूतों पर पर्दा डालने के लिए आफताब अपने टेस्ट का रिहर्सल कर के आया था। बताया जा रहा है कि जेल में आफताब ने पढ़ने के लिए अधिकारियों से नॉवेल माँगी है। वहीं उसका कुछ समय शतरंज खेल कर और ज्यादातर टाइम अकेले में बीत रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जेल प्रशासन आफताब की हरकतों पर लगातार नजर रखे हुए है। आफताब ने अपना समय काटने के लिए तिहाड़ के अधिकारियों से अंग्रेजी नॉवेल माँगा है। आफताब को जेल प्रशासन ने टाइम पास के लिए शतरंज भी दिया है लेकिन वो ज्यादातर समय अकेले में बिता रहा है। उसका पॉलिग्राफिक और नार्को टेस्ट करवाने के बाद उसे 2 दिसम्बर 2022 से तिहाड़ में शिफ्ट कर दिया गया है।

नार्को टेस्ट में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास

एक रिपोर्ट के मुताबिक आशंका है कि आफताब ने अपने नार्को की प्रैक्टिस पहले से की थी। बताया जा रहा है कि उसने पूछताछ के दौरान पुलिस क गुमराह करने की पूरी कोशिश की थी। इस दौरान किसी बड़े खुलासे की संभावना नहीं है। श्रद्धा की लाश के अन्य टुकड़ों के बारे में उसने बस यही बताया कि उसे दिल्ली की भौगोलिक हालातों की जानकारी नहीं है इसलिए वो टुकड़ों की लोकेशन नहीं बता सकता।

ऐसा बताया जा रहा है कि श्रद्धा की लाश के टुकड़े काटने के लिए आफताब ने एक छूरे का प्रयोग किया था। उस छूरे को उसने अपने गुरुग्राम स्थित ऑफिस के आस-पास कहीं झाड़ियों में फेंका था। हालाँकि बताया जा रहा है कि नार्को टेस्ट में उसने खुद के द्वारा श्रद्धा का कत्ल करने की बात कबूल की है। उसने यह भी माना है कि लाश के टुकड़ों को उसी ने जंगल के कई हिस्सों में फेंका है।

दावा किया जा रहा है कि आफताब के फ़्लैट से कत्ल में प्रयोग हथियारों को बरामद कर लिया गया है। जाँच में यह भी निकल कर सामने आया है कि श्रद्धा की हत्या के लिए आफताब ने चाइनीज चापड़ का प्रयोग किया था।

नार्को टेस्ट के दौरान आफ़ताब से लगभग 2 घंटे तक पूछताछ चली। अब तक श्रद्धा की कुल 13 हड्डियाँ बरामद हो गईं हैं। श्रद्धा के पिता से DNA मिलान की रिपोर्ट अगले हफ्ते तक आने की उम्मीद है। इसके साथ कुछ डिजिटल प्रमाण भी सामने रखे जाएँगे जिसमें फिंगर और फुटप्रिंट भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि उन्होंने आफताब को सजा दिलाने के लिए पर्याप्त सबूत जमा कर लिए हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया