TMC नेता अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या को ED ने पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार किया: कहने को सरकारी शिक्षक, लेकिन दो-दो कंपनियों की डायरेक्टर

पशु तस्करी के मामले में TMC नेता अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या गिरफ्तार (फाइल फोटो)

प्रवर्तन निदेशालय ने पशु तस्करी के मामले में TMC (तृणमूल कॉन्ग्रेस) नेता अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या को गिरफ्तार किया है। उनके पिता को भी CBI और ED दोनों गिरफ्तार कर चुकी है। सुकन्या से पहले पूछताछ की गई थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। बेहिसाब संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े डिटेल्स को लेकर उनसे जवाब माँगे गए थे। सुकन्या फ़िलहाल राज्य सरकार द्वारा संचालित प्राथमिक विद्यालय में बतौर शिक्षिका कार्यरत हैं।

केंद्रीय जाँच एजेंसी ने उन्हें इससे पहले भी बुलाया था, लेकिन वो पेश नहीं हुई थीं। उन्हें पहली बार 15 मार्च को दिल्ली बुलाया गया था। उन्हें 15 मार्च को नई दिल्ली तलब किया गया था। हालाँकि, हर बार उन्होंने अपनी खराब तबीयत का बहाना बनाते हुए उपस्थिति में असमर्थता जताई थी। ED ने 17 नवंबर, 2022 को बीरभूम जिले में TMC के जिला अध्यक्ष अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया था। उनका सहयोगी मनीष कोठरी भी गिरफ्तार हुआ था।

कई बार समन ठुकराने के बाद आखिरकार मंगलवार (25 अप्रैल, 2023) को ED के समक्ष पेश हुई थी। सुकन्या मंडल 2 कंपनियों की डायरेक्टर हैं, जिन्हें फर्जी बताया जा रहा है। वो फ़िलहाल अपने परिवार के साथ बीरभूम के बोलपुर में रहती हैं। इस मामले में हवाला से लेनदेन के भी सबूत मिले हैं। कई फंड्स सुकन्या के नाम पर हैं, जिनका कोई हिसाब-किताब नहीं है। वो ‘ANM Agrochem Private Limited’ और ‘Neer Developer Private Limited’ की डायरेक्टर हैं।

पशु तस्करी का ये मामले कई करोड़ो रुपयों का है। CBI ने बताया था कि सुकन्या मंडल की मासिक आय 2013-14 में 3.10 लाख रुपए प्रति महीने से बढ़ कर 2020-21 में 1.45 करोड़ रुपए हो गया था। मंडल के नाम पर 3 करोड़ रुपए की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) है। अनुब्रत मंडल फ़िलहाल आसनसोल स्थित जेल में बंद हैं। वो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी हैं। TMC सुप्रीमो उनके और उनके परिवार को निर्दोष बताते हुए ये कहती रही हैं कि राजनीतिक बदले के लिए उन्हें फँसाया जा रहा है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया