इरशाद अंसारी ने रेप कर बनाया वीडियो, वायरल करने की दे रहा था धमकी, ब्लैकमेल से तंग जनजातीय महिला ने की आत्महत्या

इरशाद अंसारी के ब्लैकमेल से तंग जनजातीय महिला ने की आत्महत्या (प्रतीकात्मक चित्र)

झारखंड की राजधानी रांची में इरशाद अंसारी नामक युवक के ब्लैकमेल से परेशान हो एक जनजातीय महिला ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि इरशाद अंसारी ने महिला के साथ बलात्कार कर उसका वीडियो बना लिया था। इसके बाद वह महिला को वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने शनिवार (29 जुलाई, 2023) को अपने घर में फाँसी लगा ली।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र का है। मृतक महिला के देवर का कहना है कि शुक्रवार (28 जुलाई, 2023) रात को उसकी भाभी ने उसे फोन कर रोते हुए आपबीती बताई थी। साथ ही कहा था कि इरशाद अंसारी उसे ब्लैकमेल कर रहा है।

मृतक महिला के देवर का कहना है कि करीब ढाई महीने पहले उसकी भाभी को कुत्ते ने काट लिया था। इसी को लेकर आरोपित इरशाद अंसारी उन्हें रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए हॉस्पिटल ले गया था। इसी दौरान उसने बलात्कार कर उनका अश्लील वीडियो बना लिया था। इसके बाद से वह मृतक महिला को लगातार परेशान कर रहा था।

इस पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद देवर ने आरोपित इरशाद अंसारी को घर बुलाकर उससे बातचीत की थी। इसी दौरान उसकी भाभी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा न खोलने पर जब दरवाजा तोड़ा तो महिला फंदे में लटकी हुई थी। आनन-फानन में उन्हें डकरा स्थित हॉस्पिटल ले जाया गया। यहाँ जाँच के दौरान डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

मृतक महिला के पति मजदूरी करने के लिए बेंगलुरु गए थे। किसी वजह से लेकिन वह एक साल से वहाँ जेल में बंद हैं। मृतक महिला अब अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। अब तक वह मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। चूँकि अब महिला की मौत हो गई और पति जेल में बंद हैं, ऐसे में उसके तीन बच्चों का भविष्य भी संकट में नजर आ रहा है।

इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपित इरशाद अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो रही है। जनजातीय महिला के साथ हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। इसलिए पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की भी अपील की है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया