आजमगढ़ में ईसाई धर्मांतरण करवाती 5 महिलाएँ गिरफ्तार; मज़हबी साहित्य बरामद… बहराइच में बजरंग दल पदाधिकारी पर पादरी का हमला

आज़मगढ़ में धर्मान्तरण के आरोप में महिलाएँ गिरफ्तार (बाएँ), बहराइच में बजरंग दल पदाधिकारी (दाएँ) पर हमला (चित्र साभार: आज तक)

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के एक गाँव से 5 महिलाओं की गिरफ्तारी हुई है। इन पर प्रार्थना सभा के नाम पर लोगों को ईसाई बनाने का आरोप है। वहीं बहराइच में धर्मांतरण का विरोध करने के कारण बजरंग दल पदाधिकारी पर हमले की घटना सामने आई है। हमले का आरोप एक पादरी और उसके सहयोगियों पर लगा है। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज़मगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में आने वाले गाँव सिकंदर पट्टी के बृजेश पांडेय ने रविवार (10 जुलाई 2023) को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए अपने गाँव में धर्मान्तरण की सूचना दी। उन्होंने बताया कि विजय बिन्द्र नाम के व्यक्ति के खेत में बने घर में कुछ लोग जमा हो कर हिन्दू देवी-देवताओं का अपमान करने वाले संगीत बजा रहे हैं। बृजेश ने खेत में बाहरी लोगों की मौजूदगी बताते हुए धर्मांतरण की आशंका जताई। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुँची तो वहाँ लोगों का जमावड़ा मिला।

पूछताछ के दौरान एक महिला ने पहले अपने शरीर पर छाले होने और प्रार्थना में आने के बाद सब ठीक होने का दावा किया। तलाशी के दौरान पुलिस को मज़हबी साहित्य और तस्वीरें, झाड़-फूँक से जुड़ी चीजें और वाद्य यंत्र मिले। पुलिस ने डरा-धमका और बहला-फुसला कर धर्मान्तरण कराने के आरोप में 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके नाम कुसुम, संगीता, सोनवर्षा, आशा और लक्ष्मी हैं। ये सभी सुल्तानपुर और जौनपुर जिलों की रहने वाली हैं।

पादरी का बजरंग दल पदाधिकारी पर हमला

वहीं बहराइच जिले में एक पादरी पर साथियों सहित बजरंग दल के पदाधिकारी पर हमले का आरोप लगा है। थाना नानपारा में दर्ज FIR में बजरंग दल के अवध प्रान्त विभाग संयोजक दीपांशु श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने हिन्दू देवी-देवताओं को अपशब्द कहे जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई थी। इसके चलते पादरी अनिल ने उन्हें देख लेने की धमकी दी थी। दीपांशु ने बताया है कि 11 जुलाई 2023 को एक धार्मिक अनुष्ठान के बाद वे अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में 2 बाइकों पर सवार 4 लोगों ने उन पर घात लगा कर हमला किया।

दीपांशु ने बताया कि हमलावर डंडों और लोहे की रॉड से लैस थे। हमलावरों ने उन्हें जान से मार डालने की भी धमकी दी। पुलिस ने दीपांशु की शिकायत पर IPC की धारा 307 और 504 के तहत FIR दर्ज किया है। FIR में पॉस्टर अनिल और राम नारायण नामजद हैं जबकि 2 अन्य अज्ञात हैं। ऑपइंडिया के पास FIR की कॉपी मौजूद है।

बहराइच पुलिस ने दोनों नामजदों सहित 3 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए तीसरे आरोपित का नाम रोहित मौर्य है। पुलिस के मुताबिक चौथे आरोपित की तलाश की जा रही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया