घर में घुस कर दो बहनों पर डाला तेजाब : यूपी पुलिस ने अब्दुल रहमान के बेटे मुरसलीन को किया गिरफ्तार, बागपत का मामला

घर में घुस कर दो बहनों पर डाला तेजाब, मुरसलीन गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बागपत में घर में घुस कर 2 लड़कियों पर तेजाब डालने की घटना सामने आई है। आरोपित का नाम मुरसलीन है। एसिड डालने के साथ मुरसलीन ने लडकियों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की वजह एकतरफा प्यार में असफल होना बताया जा रहा है। बागपत पुलिस ने मुरसलीन को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 13 दिसंबर (सोमवार) की है।

बागपत पुलिस द्वारा जारी प्रेसनोट के मुताबिक मामला बलौनी थानाक्षेत्र के गाँव रोशनगढ़ का है। पीड़ित लड़कियों के पिता ने अपनी शिकायत में बतया है कि 13 दिसम्बर की रात लगभग 11.30 पर गाँव का ही मुरसलीन उनके घर में घुस गया। उसने घर में सो रही बड़ी बेटी पर तेजाब डाल दिया। इस से वो बुरी तरह से झुलस गई। उसी लड़की की छोटी बहन पर भी तेज़ाब के छींटे पड़े और वो भी झुलस गई। इसके बाद मुरसलीन उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।

इस मामले में बागपत पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि सूचना मिलते ही पुलिस फ़ौरन पहुँची। लड़कियों को अस्पताल पहुँचाया गया है। दोनों लड़कियों की हालत सामान्य है। मुरसलीन लगभग एक साल से बड़ी लड़की से एकतरफा प्यार करता था। दोनों की लगभग साल भर से फोन पर बात भी हो रही थी। मुरसलीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान मुरसलीन ने बताया है कि दोनों बहनें उसकी माँ से उसके घर उर्दू पढ़ने आती थीं। इसी दौरान बड़ी बहन की दोस्ती मुरसलीन से हो गई। दोनों की फोन पर लगातार बातें होने लगीं। कुछ समय से दोनों के बीच किसी बात को ले कर अनबन हो गई। इसी से नाराज हो कर मुरसलीन ने बड़ी बहन के चेहरे पर तेज़ाब डाला था। घटना में प्रयोग की गई तेजाब की बोतल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपित मुरसलीन भी उसी गाँव का रहने वाला है। उसके अब्बा का नाम अब्दुल रहमान है। उसके ऊपर FIR संख्या 167 21 के अंतर्गत धारा 458, 307, 326 A व 506 IPC के तहत कार्रवाई की गई है। इस मामले में थाना पुलिस और स्पेशल ऑपेरशन ग्रुप की टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया