जीत AAP की, धूम ‘रिंकिया के पापा’ की: MCD चुनाव नतीजों के बाद मनोज तिवारी के गाने पर कमरतोड़ डांस, Video वायरल

'रिंकिया के पापा...' पर आप कार्यकर्ताओं ने जमकर लचकाई कमर (फोटो क्रेडिट-@AAPUttarPradesh)

आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनाव में जीत हासिल करने के बाद अति उत्साह में उल-जलुल हरकत कर रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा जबर्दस्त टक्कर के बावजूद आप का जोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल उत्तर प्रदेश AAP ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें उसके कार्यकर्ता भाजपा सांसद मनोज तिवारी के गाने ‘रिंकिया के पापा..’ पर मदहोश होकर डांस करते नजर आ रहे हैं।

AAP ने भाजपा को चिढ़ाते हुए लिखा, ”हम जीत गए।” साथ ही आप ने गाने के बोल ‘चट दिहली मार दिहली खींच के तमाचा.. हीही हीही हँस दिहली रिंकिया के पापा..’ भी साझा किया है। दूसरी ओर MCD के 250 वार्डों के लिए मतगणना पूरी हो गई है। आम आदमी पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है। AAP के 134 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं, 104 सीटों पर भाजपा जीती है। कॉन्‍ग्रेस ने भी 9 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि 3 सीट पर निर्दलीय जीते हैं।

मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा के सांसद हैं। भाजपा सांसद एमसीडी के वार्ड नंबर 231 घोंडा में रहते हैं। भाजपा के कपिल मिश्रा भी इसी वार्ड के मतदाता हैं। घोंडा सीट पर भाजपा से प्रीति गुप्ता, आम आदमी पार्टी से विद्यावती और कॉन्ग्रेस की रीता मैदान में थीं। यहाँ भाजपा की प्रीति गुप्ता ने जीत दर्ज की है।

मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र में एमसीडी के कुल 41 वार्ड हैं। इनमें से भाजपा के खाते में 17 और आम आदमी पार्टी की झोली में 18 सीटें आई हैं। यहाँ भाजपा ने AAP को कड़ी टक्कर दी है। कॉन्‍ग्रेस ने एमसीडी चुनाव में जिन 9 सीटों पर जीत हासिल की हैं, उनमें से 4 अकेले मनोज तिवारी के संसदीय क्षेत्र में हैं। 2 सीटों पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की है।

AAP की जीत पर मनोज तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है। उनसे पूछा गया कि बीजेपी तो निकाय चुनाव में 150 से अधिक सीटों पर दावा कर रही थी, लेकिन अब तो ग्राफ नीचे नजर आ रहा है। इस पर तिवारी ने AAP पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने 150 से अधिक सीटों पर जीत का दावा किया था, लेकिन AAP ने तो 200 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया था। उनका वह दावा अब कहाँ है?

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया