जन्मदिन पर राजस्थान के CM बने भजनलाल शर्मा, माता-पिता के चरण पखार ली शपथ: दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा डिप्टी CM

56वें जन्मदिन पर भजनलाल शर्मा ने ली राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ (फोटो साभार: ANI)

भाजपा नेता भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार (15 दिसंबर, 2023) को राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके अलावा 2 उप-मुख्यमंत्रियों प्रेमचंद बैरवा और दीया कुमारी ने भी शपथ ली। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह यहाँ भी अन्य मंत्रियों की नियुक्ति और विभागों का बँटवारा बाद में होगा। समारोह स्थल पर 2 मंच तैयार किए गए, जिनमें से एक पर देश भर से आए नेताओं को बैठाया गया तो दूसरे पर साधु-संतों को बिठाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मंच पर मौजूद रहे।

बता दें कि भजनलाल शर्मा का आज जन्मदिन भी है। वो 56 वर्ष के हो गए हैं। शपथ लेने से पहले उन्होंने अपने माता-पिता के चरण धोकर उनकी पूजा की। चंबल पॉवर गेस्ट हाउस में उनका परिवार रुका हुआ है, जहाँ उनका जन्मदिन भी मनाया गया। शपथ से पहले उन्होंने गोविंद देव जी मंदिर में दर्शन किया। दीया कुमारी भी उस मंदिर में दर्शन करने पहुँचीं। वहीं प्रेमचंद बैरवा ने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की, जहाँ एक दिन पहले भजनलाल शर्मा भी पहुँचे थे।

भजनलाल शर्मा की माँ गोमती देवी ने अपने बेटे को बहुत सारा प्यार देने के लिए जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद कहा। गोमती देवी ने कहा कि अब राजस्थान का विकास होना चाहिए। अपने बेटे को लेकर गोमती देवी ने कहा कि भजनलाल शर्मा अब तक जैसी मेहनत करते आए हैं, उन्हें आगे भी करनी चाहिए। कई राज्यों के मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। जगद्गुरु रामभद्राचार्य भी शपथग्रहण समारोह में उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस शपथग्रहण समारोह के साक्षी बने। भजनलाल शर्मा के मुख्यमंत्री बनने पर उनके पिता किशन स्वरूप शर्मा ने कहा कि सब भगवान की लीला है, बेटा एकदम बढ़िया कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सब बहुत बढ़िया है। उन्होंने गिनाया कि कैसे भजनलाल शर्मा सरपंच रह चुकें हैं, जिला अध्यक्ष रहे हैं और 4 बार प्रदेश महामंत्री भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान अपने-आप सबको बढ़ाते हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया