उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल, झारखंड… कई राज्यों में हारे मोदी 2.0 के मंत्री, पराजितों में 4 कैबिनेट तो 14 राज्य मंत्री: स्मृति ईरानी ने भी खोई अमेठी सीट

भाजपा के 4 कैबिनेट तो वहीं 14 राज्यमंत्री हारे हैं (चित्र साभार: Jansatta, Aajtak, Mint)

लोकसभा चुनाव 2024 में मोदी सरकार के 18 मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा है। इस लोकसभा चुनाव में 4 केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री तो वहीं 14 केन्द्रीय राज्य मंत्री भी हारे हैं। हारने वालों में स्मृति ईरानी से लेकर अर्जुन मुंडा जैसे हैवीवेट नाम शामिल हैं।

कौन-कौन हारा?

केंद्र सरकार में महिला और बाल कल्याण विकास मंत्री स्मृति ईरानी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से चुनाव हार गईं। उन्हें यहाँ कॉन्ग्रेस के किशोरी लाल शर्मा के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा है। अमेठी में 2019 में स्मृति ईरानी ने राहुल गाँधी को हराया था।

स्मृति ईरानी के अलावा उत्तर प्रदेश में ही केन्द्रीय राज्य मंत्री संजीव सिंह बालियान भी चुनाव हार गए। वह उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर सीट से सपा के हरेन्द्र मलिक के हाथों हारे। वह मोदी सरकार में मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मामलों के मंत्री थे। उत्तर प्रदेश में ही कैबिनेट मंत्री महेन्द्रनाथ पांडेय की हार भी हुई। महेन्द्रनाथ पाण्डेय चंदौली से सपा के बीरेंद्र सिंह से हार गए। महेंद्र नाथ पाण्डेय मोदी सरकार में भारी उद्योगों के मंत्री थे।

उत्तर प्रदेश की खीरी लोकसभा सीट से देश के गृह राज्य मंत्री रहे अजय मिश्र टेनी की भी हार हो गई, उन्हें सपा के उत्कर्ष वर्मा ने हरा दिया। उत्तर प्रदेश की फतेहपुर सीट से साध्वी निरंजन ज्योति भी हार गईं। उन्हें सपा के नरेश चन्द्र ने हरा दिया। वह मोदी सरकार में खाद्य वितरण, ग्रामीण विकास और उपभोक्ता मामलों की राज्य मंत्री थी।

उत्तर प्रदेश की मोहनलालगंज सीट से केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्यमंत्री रहे कौशल किशोर भी हार गए। उन्हें सपा के आरके चौधरी ने पटखनी दी। उत्तर प्रदेश के ही जालौन से MSME मामलों के केन्द्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह भी हार गए। उन्हें सपा प्रत्याशी नारायण दास अहिरवार ने हरा दिया।

महाराष्ट्र में भी भाजपा के दो केन्द्रीय मंत्रियों की हार हुई। महाराष्ट्र की जालना लोकसभा सीट से रावदानवे साहब को कॉन्ग्रेस को वैजनाथ राव ने हरा दिया। वह मोदी सरकार में कोयला और खनन मामलों के राज्यमंत्री थे। इसके अलावा भिवंडी लोकसभा सीट से केन्द्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटील की हार हो गई, उन्हें एनसीपी शरद पवार के गोपीनाथ म्हात्रे ने हराया। महाराष्ट्र के पड़ोसी राज्य कर्नाटक की बीदर सीट से भगवंत खुबा भी हारे। उन्हें कॉन्ग्रेस के ईश्वर खंद्रे ने हराया। वह उर्वरक और रसायन मामलों के राज्य मंत्री थे।

पश्चिम बंगाल में भी भाजपा के मंत्रियों की हार हो गई। पश्चिम बंगाल की कूच बिहार सीट से केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक भी हार गए। उन्हें TMC के जगदीश चन्द्र बर्मा ने हराया। पश्चिम बंगाल की ही बांकुरा सीट से शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार भी हार गए। उन्हें TMC के अरुण चक्रवर्ती से हार मिली। राजस्थान के बाड़मेर से केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी हार गए, उन्हें कॉन्ग्रेस के उम्मेदाराम बेनीवाल ने हरा दिया। बिहार की आरा सीट से केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री आरके सिंह हार गए। उन्हें CPIM के सुदामा प्रसाद ने हरा दिया।

केरल में भी भाजपा के दो मंत्री हारे। केरल के अत्तिंगल में केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन हारे, उन्हें कॉन्ग्रेस के अदूर प्रकाश ने हराया। केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से आईटी मामलों के केन्द्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर को कॉन्ग्रेस नेता शशि थरूर के हाथों हार मिली।

झारखंड में खूंटी लोकसभा सीट से केन्द्रीय कैबिनेट कृषि कल्याण और ST कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा भी चुनाव हार गए, उन्हें कॉन्ग्रेस के कालीचरण मुंडा ने हरा दिया। तमिलनाडु की नीलगिरी सीट से केन्द्रीय राज्य सूचना प्रसारण मामलों के मंत्री एल मुरुगन भी चुनाव हार गए, उन्हें DMK के ए राजा ने हराया।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया