गोरखपुर शहरी क्षेत्र में 1 लाख से भी अधिक वोटों से जीते CM योगी आदित्यनाथ, चंद्रशेखर ‘रावण’ की जमानत जब्त

गोरखपुर शहरी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बड़ी जीत, चंद्रशेखर 'रावण' की जमानत जब्त

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख से भी अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं उनके खिलाफ ‘आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम)’ से चुनाव लड़ रहे चंद्रशेखर आज़ाद उर्फ़ ‘रावण’ की जमानत जब्त हो गई है। गोरखपुर ही सीएम योगी आदित्यनाथ की कर्मभूमि रही है और यहीं के गोरखनाथ मंदिर के वो महंत भी हैं। भाजपा की जीत के बाद राज्य में उनका फिर से मुख्यमंत्री बनना तय है।

उधर नोएडा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह ने 1.79 लाख वोटों से जीत दर्ज कर के अब तक के सारे रिकॉर्ड्स ध्वस्त कर दिया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और NCP नेता अजीत पवार के नाम था, जिन्होंने 1.65 लाख मतों से जीत दर्ज की थी। उन्हें 2 लाख से भी अधिक वोट प्राप्त हुए। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी यहाँ पंकज सिंह ने ही जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में भी पंकज सिंह ने 1,62,417 (64.29%) वोट पाकर इतिहास रच दिया था।

वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कॉन्ग्रेस की खस्ता हालत पर तंज कसा है। प्रियंका गाँधी के लिए उन्होंने कहा, “राजनीतिक विशेषज्ञों के लिए ये रूचि का विषय होगा कि प्रियंका जी यूपी में कॉन्ग्रेस में जान फूँकने आई थीं और पूरी पार्टी को ही फूँक कर चली गईं।” केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि ये सब पीएम मोदी और उनकी योजनाएँ के साथ यूपी में यशस्वी नेतृत्व देने वाली योगी आदित्यनाथ की सरकार के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने दावा किया कि साल 2024 में एक बार फिर से पीएम मोदी की ही सरकार बनेगी। इसके बाद उन्होंने प्रियंका गाँधी को लेकर अपनी टिप्पणी दी।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया