इराक में नई सरकार बनने के 2 दिन बाद राजधानी में धमाका: 10 की मौत, 20 घायल, अफरा-तफरी मची

इराक के बगदाद में ब्लास्ट (तस्वीर साभार: चौधरी परवेज का ट्विटर )

इराक के पूर्वी बगदाद इलाके में शनिवार (29 अक्टूबर 2022) रात को फुटबॉल स्टेडियम और कैफे के नजदीक ब्लास्ट हुआ। घटना में 10 लोगों की मौत होने की खबर हैं। वहीं 20 से ज्यादा लोगों के घायल बताए जा रहे हैं।

विस्फोट के बाद की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें लोगों को इधर-उधर भागते देखा जा सकता है। कथिततौर पर एक गाड़ी में विस्फोट फटने से ऐसा हुआ। इसके बाद फुटबॉल मैदान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं उसमें खेल रहे लोग भी घायल हो गए।

सेना ने अपने बयान में बताया है कि पूर्वी बगदाद के गैरेज में रखे गैस टैंकर के फटने से मौतें हुईं। बाकी आगे मामले की जाँच की जा रही है। ब्लास्ट में आवासीय भवनों और फुटबॉल मैदान को भी नुकसान पहुँचा है।

उल्लेखनीय है कि इराक में यह घटना नई सरकार के गठन के 2 दिन बाद घटी है। इराकी संसद ने गुरुवार (27 अक्टूबर 2022) को प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी की अध्यक्षता में 21 सदस्यीय नए मंत्रिमंडल को अपनी मंजूरी दी थी।

उससे पहले इराक में 2 माह पहले अराजकता का माहौल था। लोग एक प्रभावशाली मौलवी मुक्तदा अल-सदर (Al-Sadar) के इस्तीफे के बाद भड़क उठे थे। राजधानी बगदाद (Baghdad) में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया गया था। देखते ही देखते भारी हिंसा भड़की थी। 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया