370 हटाकर भाजपा सरकार ने मुस्लिमों के खिलाफ किया जंग का ऐलान: ज़ाकिर नाइक

ज़ाकिर नाइक (India Today से साभार)

भड़काऊ इस्लामी प्रचारक ज़ाकिर नाइक ने एक बार फिर भारत के खिलाफ ज़हर उगला है। इस बार उसके निशाने पर कश्मीर से अनुच्छेद 370 का हटाया जाना है। इसे नाइक ने “भाजपा सरकार का मुस्लिमों के खिलाफ जंग का ऐलान” करार दिया है

कश्मीर मुस्लिम-बहुल था, इसीलिए किया

नाइक का दावा है कि भाजपा सरकार ने 370 हटाने का काम समुदाय को मज़हबी तौर पर निशाना बनाते हुए किया है। उसके मुताबिक यह भारत की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी के खिलाफ ‘act of war’ है, जिसे केवल इसलिए किया गया, क्योंकि कश्मीर के बहुसंख्यक मुस्लिम थे। उसने लिबरल-गैंग के ‘कश्मीरी लड़कों को हिरासत में लेकर गायब किया जा रहा है’, ‘उन्हें यातनाएँ दी जा रहीं हैं’ के झूठ को भी दोहराया। नाइक का प्रोपेगंडा इस हद तक पहुँच गया कि उसने कश्मीर की स्थिति की तुलना फिलिस्तीन से कर दी।

मलेशिया-कूटनीति से बौखलाया है

ज़ाकिर नाइक भारत में जिहाद के लिए युवाओं को उकसाने, आतंक के लिए मनी-लॉन्ड्रिंग जैसे कई संगीन मामलों में वांछित है। ढाका की एक बेकरी में 2016 में हुए जिहादी हमले से भी उसके तार जुड़ते हुए पाए गए थे। इसी सिलसिले में भारत मलेशिया पर, जहाँ नाइक फ़िलहाल छिपा बैठा है, उसे भारत प्रत्यर्पित करने के लिए कूटनीतिक दबाव बना रहा है। इसीलिए नाइक बौखला गया है। उसके मलेशिया में इस्लाम का प्रचार करने पर पहले ही पाबंदी लगाई जा चुकी है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया