बिल गेट्स ने साथ बनाई रोटी, घी चपोड़ कर मजे से लिए चटखारे: बिहार से सीख कर गए सेलेब्रेटी शेफ भी दिखे साथ, लोग बोले – ये किस लाइन में आ गए आप?

बिल गेट्स ने शेफ ईटन बरनाथ के साथ बनाई रोटी, घी चपोड़ कर चाव से खाया (फोटो क्रेडिट:@EitanBernath)

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल (Video Viral) हो रहा है। वीडियो में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के पूर्व चेयरमैन और भारत से अपने प्रेम के लिए पहचाने जाने वाले बिल गेट्स (Bill Gates) रोटी बनाने दिख रहे हैं। वह मशहूर शेफ ईटन बरनाथ (Eitan Bernath) के साथ रोटी बनाने की कोशिश करते हैं और उसके बाद रोटी पर आम भारतीयों की तरह ही घी चपोड़ते हैं और बड़े मजे से खाते हैं।

इस दौरान शेफ बरनाथ उनका पूरा साथ देते हैं। वीडियो को इंस्टाग्राम (Instagram) पर गेट्स और बरनाथ, दोनों ने शेयर किया है। बरनाथ ने इस वीडियो को ट्विटर (Twitter) पर भी शेयर किया है, जहाँ लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और लोग मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं।

दरअसल, शेफ बरनाथ हाल ही में अपने भारत दौरे के दौरान बिहार आए थे और यहाँ उन्होंने रोटी बनाना सीखा था। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “बिल गेट्स और मैंने साथ में भारतीय रोटी बनाने के दौरान खूब मस्ती की। मैं अभी भारत के बिहार से वापस आया, जहाँ मैं गेहूँ उपजाने वाले किसानों से मिला। यहाँ मैं ‘दीदी की रसोई’ कैंटीन की काम कर रही महिलाओं से मिला, जिन्होंने मुझे रोटी बनाने की कला सिखाई”‘

वीडियो में देखा जा सकता है कि बरनाथ बिल गेट्स को रोटी बनाने का पूरा प्रोसेस समझाते हैं। बिल गेट्स पहले आटे में पानी मिलाते हैं और बरनाथ उसमें नमक मिलाते हैं। इस दौरान शेफ गेट्स से पूछते हैं कि आपको क्या लगता है अंतिम बार आपने कब कुछ पकाया था। इस पर गेट्स कहते हैं कि अगर सूप गर्म करने की बात हो तो वो इसे लगातार करते रहते हैं, लेकिन इस तरह से खाना बनाने की बात हो तो यह किए जमाना गुजर गया। इस दौरान गेट्स एक टेढ़ी-मेढ़ी रोटी बनाते हैं।

फिर गेटस को रोटी में ब्रश से घी चापोड़ते देखा जा सकता है। अंत में दोनों रोटी खाते हैं और इसके स्वाद की तारीफ करते हैं। इस वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रिया करते हैं। एक यूजर ने बिल गेट्स को संबोधित करते हुए कहा, “भाई साहब, ये किस फिल्ड में आ गए आप।”

वहीं एक यूजर ने कहा, “आटा गीला कर दिया बिल चाचा ने।” उल्लेखनीय है कि इस वीडियो को गुरुवार (2 फरवरी, 2023) को शेयर किया गया था। वीडियो को सोशल मीडिया यूजर्स काफी पसंद कर रहे हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया