‘बार-बार न हो धार्मिक कंटेंट से छेड़छाड़’ : रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के विरोध में उतरीं ‘सीता’, बोलीं दीपिका चिखलिया- नई स्टोरी, नया लुक देने में होता है सब खराब

धार्मिक मुद्दों से छेड़छाड़ बताते हुए रणवीर कपूर की रामायण के विरोध में हैं दीपिका चिखलिया (चित्र साभार- न्यूज़ 18)

रामानंद सागर की रामायण में माता सीता का रोल निभा चुकीं अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने रणबीर कपूर स्टारर रामायण का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि रामायण बार-बार रामायण नहीं बननी चाहिए। दीपिका का मानना है कि नई स्टोरी और नया लुक देने की वजह से कई बार सब खराब हो जाता है। उदहारण के तौर पर दीपिका ने आदिपुरुष का नाम लिया। ऐसी हरकतों को दीपिका रामायण के साथ छेड़छाड़ मानती हैं।

दीपिका चिखलिया ने इंडिया टुडे से बातचीत के दौरान रणबीर कपूर के अभिनय में बन रही रामायण पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि बार-बार कुछ नया कोशिश करने में रामायण के मूल रूप से छेड़छाड़ हो रही है। उदाहरण के लिए दीपिका ने आदिपुरुष में सैफ अली खान द्वारा निभाए गए रावण के रोल और कृति सेनन को पहनाई गई गुलाबी साड़ी का जिक्र किया। सैफ अली के अभिनय को दीपिका रावण के प्रभाव को कम करने वाला मानती हैं।

जिस रामायण में रणबीर कपूर अभिनय करेंगे उसके डायरेक्टर नितेश तिवारी हैं। इस फिल्म के बारे में दीपिका ने अपनी राय रखते हुए कहा कि लोगों को धार्मिक कंटेंट से ज्यादा छेडख़ानी नहीं करनी चाहिए। दीपिका का मानना है कि अगर फिल्म बनानी ही है तो निर्माताओं के पास कई और भी विकल्प हैं। उन्होंने विकल्प के तौर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की फ़िल्में बनाने की सलाह दी। दीपिका ने यह भी सवाल किया कि रामायण पर ही बार-बार फ़िल्में क्यों बन रहीं हैं।

गौरतलब है कि नितेश तिवारी की प्रस्तावित फिल्म रामायण में रणबीर कपूर को भगवान राम का रोल दिया गया है। सीता माता के किरदार के लिए सई पल्ल्वी को चुना गया है। रामानंद सागर के रामायण में भगवान राम का अभिनय कर चुके भाजपा सांसद अरुण गोविल भी इस फिल्म में दिखाई देंगे। बॉलीवुड अदाकारा लारा दत्ता भी इस फिल्म में रोल करेंगी। खबर यह भी है कि नितेश की रामायण में सनी देओल बजरंग बली और यश रावण का पात्र निभाएँगे। हालाँकि इन खबरों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया