मुझे निक जोनास के साथ जितने हो सकें उतने बच्चे चाहिए, शायद क्रिकेट टीम जितने- प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास का कहना है कि वह अपने पॉप स्टार पति निक जोनास के साथ कई बच्चे पैदा करना चाहती हैं। प्रियंका चोपड़ा से जब पूछा गया कि लगभग कितने? तो इसके जवाब में अभिनेत्री ने कहा- “एक क्रिकेट टीम!”

प्रियंका चोपड़ा ने कहा, “जितने बच्चे हो सकते हैं मुझे उतने ही चाहिए। एक क्रिकेट टीम? मैं श्योर नहीं हूँ कि आखिर कितने!” अभिनेत्री ने अपने परिवार और भविष्य को लेकर ‘द संडे टाइम्स’ के साथ बातचीत में ये बातें सामने रखीं।

उल्लेखनीय है कि प्रियंका चोपड़ा ने सगाई करने के पाँच माह बाद ही दिसंबर, 2018 में निक जोनास से भारत में शादी कर ली थी। उन्होंने अपने संबंधों के बीच भिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमि और दोनों के बीच उम्र के अंतराल को लेकर भी खुलकर बातें कीं।

प्रियंका चोपड़ा जोनास ने कहा, “हमें कोई समस्या नहीं हुई। निक ने भारत को ऐसे अपना लिया जिस तरह मछली पानी को अपना लेती है। लेकिन एक सामान्य जोड़े की तरह आपको एक-दूसरे की आदतों को समझना होता है और ये भी कि एक-दूसरे को क्या पसंद है। ये एक एडवेंचर जैसा होता है।”

गौरतलब है कि कुछ ही दिनों पहले प्रियंका चोपड़ा लन्दन में कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन के नियमों के उल्लंघन को लेकर भी चर्चा में आई थी। दरअसल, ब्रिटेन में COVID-19 के कारण जारी लॉकडाउन के बीच 38 वर्षीय प्रियंका चोपड़ा जोनास को उनकी माँ डॉ मधु चोपड़ा, और उनकी पालतू कुतिया ‘डायना’ के साथ शाम 4.55 बजे सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट जोश वुड के सैलून जाते देखा गया था।

इसके बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर प्रियंका चोपड़ा की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि सेलिब्रेटी ये क्यों सोचते हैं कि वो बाकी लोगों से हटकर हैं? साथ ही, ये सवाल भी उठाए कि क्या लॉकडाउन के निर्देश सिर्फ आम लोगों के ही लिए हैं?

स्थानीय लोगों ने प्रियंका चोपड़ा द्वारा गाइडलाइंस का उल्लंघन किए जाने पर स्थानीय पुलिस को सतर्क कर दिया और फ़ौरन वहाँ पुलिस पहुँच गई। पुलिस द्वारा सैलून में मौजूद उसके मालिक जोश वुड को मौखिक चेतावनी दी गई। हालाँकि, COVID-19 प्रोटोकॉल के उल्लंघन के लिए कोई जुर्माना नहीं लगाया गया।

अभिनेत्री के एक प्रवक्ता ने कहा कि सरकारी दिशानिर्देशों के बाद, प्रियंका चोपड़ा जोनास के बाल फिल्म के लिए जोश वुड द्वारा कलर कर लिए गए थे और वह वर्तमान में शूटिंग कर रही हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया