RSS के शताब्दी वर्ष में 6 निर्देशक मिल कर बनाएँगे सीरीज, सब के सब नेशनल अवॉर्ड विनर: प्रियदर्शन से लेकर विवेक अग्निहोत्री तक के नाम, पोस्टर हुआ रिलीज

RSS पर बनने वाले शो का नाम 'एक राष्ट्र' होगा (चित्र साभार: @vivekagnihotri & @taran_adarsh/X)

देश के जाने-माने 6 राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डायरेक्टर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर एक सीरीज बनाएँगे। इसका निर्माण वर्ष 2025 में RSS के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। सीरीज का नाम ‘एक राष्ट्र’ रखा गया है।

इसका पहला पोस्टर भी जारी कर दिया गया है, जिसे फिल्म समीक्षक तरन आदर्श ने साझा किया है। शो को जनता के बीच 2025 या उससे पहले ही लाया जा सकता है। संघ को लेकर यह पहला ऐसी तरह का शो होगा।

इस सीरीज को बनाने वाले डायरेक्टरों में प्रियदर्शन, विवेक रंजन अग्निहोत्री, डॉ चन्द्र प्रकाश द्विवेदी, मंजू बोरा, संजय पूरन सिंह चौहान और जॉन मैथ्यू मथान हैं। यह सभी मिल कर इस शो का निर्देशन करेंगे। यह सभी डायरेक्टर बॉलीवुड के सर्वश्रेष्ठ में से एक हैं।

इस शो के लिए जारी किए गए पोस्टर में एक व्यक्ति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गणवेश (खाकी हाफ पैंट और सफ़ेद शर्ट) पहने हुए दिख रहा है। हालाँकि, अब आरएसएस का गणवेश फुल पैंट भी हो चुका है। इस शो में 100 वर्षों में देश को एक रखने के लिए संघर्ष करने वालों की कहानियाँ दिखाई जाएँगी।

इस शो का पहला पोस्टर 24 अक्टूबर, 2023 यानी विजयादशमी वाले दिन जारी किया गया है। विजयादशमी के दिन ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का स्थापना दिवस होता है। इस दिन संघ मुख्यालय नागपुर में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस बार के कार्यक्रम में गायक शंकर महादेवन नागपुर पहुँचे थे।

शंकर महादेवन के अतिरिक्त, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। मोहन भागवत ने इस दौरान सांस्कृतिक मार्क्सवादियों (वोक) पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि ये लोग सुव्यवस्था, मांगल्य और संस्कार के विरोधी हैं। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के दौरान पूरे देश में उत्सव मनाए जाने की अपील भी की।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया