एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने गौतम अडानी, रिलायंस वाले मुकेश अंबानी पीछे छूटे: दुनिया के टॉप 10 अमीरों में भारत से कोई नहीं

गौतम अडानी (साभार: Medium)

अडानी समूह के मालिक गौतम अडानी एक बार फिर भारत ही नहीं, बल्कि एशिया के सबसे धनी व्यक्ति बन गए हैं। हाल के दिनों में उद्योगपति गौतम अडानी की संपत्ति में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है और उन्होंने रिलायंस समूह के मालिक मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है। विश्व रैंकिंग में गौतम अडानी शीर्ष 12 उद्योगपतियों में शामिल हो गए हैं, जबकि मुकेश अंबानी 13वें स्थान पर फिसल गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के अनुसार, बीते दो दिनों में गौतम अडानी की नेटवर्थ में 7.67 बिलियन अमेरिकी डॉलर (63,797 करोड़ रुपए) की बढ़ोतरी हुई है। इसकी वजह से शुक्रवार (5 जनवरी 2024) को उनकी कुल नेटवर्थ 97.6 बिलियन डॉलर (8.12 लाख करोड़ रुपए) हो गई।

इस वृद्धि के साथ ही गौतम अडानी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है। मुकेश अंबानी अब भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। मुकेश अंबानी की कुल नेटवर्थ 97 बिलियन डॉलर (8.07 लाख करोड़ रुपए) है। पिछले दो दिनों अंबानी की नेटवर्थ में 665 मिलियन डॉलर (5,529 करोड़ रुपए) की बढ़ोतरी हुई। दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की सूची में गौतम अडानी 12वें नंबर पर आ गए हैं। वहीं, मुकेश अंबानी इस सूची में 12वें स्थान से खिसक कर 13वें स्थान पर आ गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, दुनिया के शीर्ष 50 अरबपतियों की सूची में गौतम अडानी और मुकेश अंबानी के अलावा दो अन्य भारतीय उद्योगपतियों ने भी जगह बनाई है। इनमें शापूर मिस्त्री 34.6 बिलियन डॉलर (2.88 लाख करोड़ रुपए) नेटवर्थ के साथ 38वें नंबर पर हैं। वहीं, HCL टेक्नॉलोजीज के को-फाउंडर शिव नाडर 33 बिलियन डॉलर (2.74 लाख करोड़ रुपए) की संपत्ति के साथ 45वें नंबर पर हैं।

बता दें कि अमेरिकी शॉर्टसेलर कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अडानी की शेयरों में काफी गिरावट आ गई थी। यह मामला SEBI और अदालत में गया, लेकिन दोनों जगहों पर अडानी के खिलाफ किसी तरह की गड़बड़ी नहीं पाई गई। इसके बाद पिछले दो दिनों में अडानी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इसकी वजह से अडानी ग्रुप की कुल बाजार पूँजीकरण 15.60 लाख करोड़ रुपए के पार चली गई।

अगर दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की बात करें तो इस सूची में शीर्ष पर सोशल मीडिया साइट X (पूर्व में ट्विटर), Starlink और टेस्ला के मालिक एलन मस्क हैं। उनकी नेटवर्थ 220 बिलियन डॉलर (18.30 लाख करोड़ रुपए) है। हालाँकि, इस साल उनकी नेटवर्थ में 9 बिलियन डॉलर (74849 करोड़ रुपए) की कमी आई है, इसके बावजूद वे शीर्ष बने हुए हैं। पिछले साल वे सबसे अधिक कमाई करने वाले अरबपति थे।

शीर्ष उद्योगपतियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस हैं। इनकी कुल संपत्ति 169 बिलियन डॉलर (14.05 लाख करोड़ रुपए) है। जेफ बेजोस इस साल अपनी संपत्ति में से 28 बिलियन डॉलर (2.33 लाख करोड़ रुपए) गँवा चुके हैं। पिछले साल ये टॉप गेनर में से एक थे।

वहीं, लग्जरी फैशन ब्रांड LV के मालिक बर्नार्ड अरनॉल्ट दुनिया के शीर्ष बिलेनियर्स की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनकी कुल नेटवर्थ 168 बिलियन डॉलर (लगभग 13.97 लाख करोड़ रुपए) है। बर्नार्ड की संपत्ति में भी 10.80 बिलियन डॉलर (89,820 करोड़ रुपए) की कमी आई है। इसके बावजूद ये तीसरे स्थान पर हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया