कितनी बार भारत पहुँचा वर्ल्ड कप के सेमीफइनल में, कैसा रहा है रिकॉर्ड: न्यूजीलैंड से बड़े मैच से पहले जान लीजिए ये बातें, वानखेड़े में क्या होनी चाहिए रणनीति

भारत ने 3 बार सेमीफाइनल मुकाबले जीते हैं (चित्र साभार: India Today)

15 नवम्बर 2023 को विश्वकप 2023 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला है। यह मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। यह मैच तय करेगा कि भारत इस बार विश्वकप का फाइनल खेलेगा कि नहीं।

वर्तमान विश्वकप 2023 को मिलाकर अब तक कुल एक दिवसीय विश्वकप आयोजित किए गए हैं। इनमें से 8 बार भारत सेमीफाइनल मुकाबलों में पहुँचने में कामयाब रहा है। हालाँकि, इनमें से जीत मात्र तीन मुकाबलों में हासिल हुई है। 4 में हार का सामना करना पड़ा है और 1 का निर्णय कल के मैच से आएगा। भारत ने जो तीन सेमीफाइनल जीते हैं, उनमें से 2 बार फाइनल मुकाबला भी जीतने में कामयाब रहा है।

भारत पहली बार वर्ष 1983 में सेमीफाइनल तक पहुँचा था। यह मुकाबला भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। इस मैच में सफल होने के बाद भारत ने विश्वकप भी जीता था। यह भारत द्वारा जीता गया पहला विश्वकप था।

इसके पश्चात भारत 1987, 1996 और 2003 में सेमीफाइनल में पहुँचा। 2003 में भी भारत जीतकर फाइनल में पहुँचने में सफल रहा था लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गया था। 2003 में भारत केन्या को हराकर फाइनल में पहुँचा था। इसके पश्चात 2007 के विश्वकप में भारत पहली स्टेज से ही बाहर हो गया था। हालाँकि, 2011, 2015 और 2019 में भारत सेमीफाइनल में पहुँचने में सफल रहा है। भारत ने वर्ष 2011 में विश्वकप दोबारा जीता था। 2011 में भारत ने पाकिस्तान को हराया था।

2015 में भारत सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया से जबकि 2019 में न्यूजीलैंड से हार गया था। चार साल बाद दोनों टीमें फिर सेमीफाइनल मुकाबले में आमने-सामने हैं। इस मुकाबले के रोमांचक होने की आशा की जा रही है क्योंकि भारत पूरे विश्वकप में अविजित रहा है। यदि भारत यह मुकाबला जीतता है तो वह अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में से किसी एक से भिड़ेगा।

दोनों टीमें इस मुकाबले के लिए मुंबई पहुँच चुकी हैं और तैयारियों में जुटी हुई हैं। कल पिच की स्थिति को देखते हुए भारत बड़े स्कोर खड़े करने और गेंदबाजों के जरिए न्यूजीलैंड पर मानसिक दबाव बनाने का प्रयास करेगा। यदि भारत पहले बल्लेबाजी करता है तो गेंदबाजों और पहले गेंदबाजी करने पर बल्लेबाजों पर अधिक जिम्मेदारी रहने वाली है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया