चाकू लेकर खुलेआम लोगों को धमका रहा था अब्दुल ज़फर, पुलिस पर भी कर दिया हमला: आत्मरक्षा में चलानी पड़ी गोली, हुआ गिरफ्तार

लोगों को चाकू से हमला करने की धमकी दे रहा था अब्दुल जफर, गिरफ्तार (फोटो साभार: वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट)

कर्नाटक के कलबुर्गी में लोगों पर चाकू से हमला करने की धमकी देने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। घटना रविवार (5 फरवरी, 2023) की है। दरअसल, अब्दुल जफर नाम का शख्स सरेआम धारदार चाकू से लोगों को हमले की धमकी दे रहा था। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब उसे समझाने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर ही हमला कर दिया। पुलिस को मजबूरन हमलावर पर गोली चलानी पड़ी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस मौके पर पहुँच कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करती है। हालाँकि, आरोपित पर चाकू फेंकने और सरेंडर करने के पुलिस के अनुरोध का कोई असर नहीं हुआ। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उन पर हमला कर दिया। मामले को बिगड़ता देख सब इंस्पेक्टर वाहिद कोतवाल आत्मरक्षा और लोगों को बचाने के लिए फायरिंग कर देते हैं। इससे हमलावर का ध्यान भटक जाता है और एक गोली उसके पैर में लगती है।

गोली लगने के बाद वह घटनास्थल पर ही गिर जाता है और पुलिस उसपर कुछ लाठियाँ बरसाती है, और उसे काबू में कर लेती है। घायल जफर को इसके बाद अस्पताल ले जाया जाता है।

कलबुर्गी के पुलिस आयुक्त चेतन ने कहा, “सुपरमार्केट के पास एक बदमाश धारदार हथियार से लोगों पर हमला करने की कोशिश कर रहा था। जब पुलिस ने उसे रोकने और हिरासत में लेने की कोशिश की तो उसने हमारे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आत्मरक्षा में और जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस ने बदमाश पर फायरिंग कर दी। उसे अस्पताल ले जाया गया गया है। हमें अभी तक आरोपित का ब्योरा नहीं मिला है। एक बार जब हमें जानकारी मिल जाएगी, तो हम उन्हें साझा करेंगे।”

पुलिस ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि वह हथियार लेकर बाजार में क्यों घूम रहा था और लोगों को क्यो धमका रहा था। कमिश्नर ने कहा, “हमें नहीं पता कि इसके पीछे क्या मंशा है। कंट्रोल रूम से हमें फोन आया। हमें सूचित किया गया था कि एक व्यक्ति आम जनता पर हमला करने की कोशिश कर रहा है और लोगों ने खुद को उससे बचाने के लिए पुलिस से मदद माँगी।”

जफर पर पुलिस ने ‘भारतीय दंड संहिता (IPC)’ की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इलाज के बाद औपचारिक रूप से उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जाँच चल रही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया