7 साल से भारत में रह रहा था बांग्लादेशी युवक, कई लड़कियों को प्रेमजाल में फँसाया: अश्लील फोटो-वीडियो बना लेता था, ब्लैकमेल कर ऐंठता था मोटे पैसे

हिन्दू लड़की को ब्लैकमेल करने वाला बांग्लादशी युवक धराया, फोन और आईडी कार्ड्स जब्त (फोटो साभार: दैनिक भास्कर)

भोजपुर जिले की पुलिस ने एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। वो लड़कियों को पहले अपने प्रेम जाल में फँसाता था, फिर उनकी अश्लील तस्वीरें और वीडियोज बना लेता था। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे लेता था। उसके पास से कई फर्जी आईडी कार्ड्स भी जब्त किए गए हैं। गया जिले से गिरफ्तार किए जाने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। भोजपुर के एसपी प्रमोद कुमार ने उसे गिरफ्तार करने के लिए स्पेशल टीम गठित की थी।

उसके बारे में एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। CRPF जवान की पत्नी की शिकायत पर ये कार्रवाई की गई है। बिहार पुलिस ने जानकारी दी है कि पहचान बांग्लादेश के गोपालगंज जिले के कोटालीपाड़ा थाना निवासी अधीर बैरागी के बेटे अपूर्वा बैरागी उर्फ दीपक कुमार के रूप में आरोपित की पहचान हुई है। 2016 में एक परिचित के सहारे वो नेपाल के रास्ते होकर भारत में घुसा था।

तभी से वो आरा में ही रह रहा था। 7 साल से वो यहाँ था, लेकिन पुलिस को उसकी भनक नहीं लगी। आरा में उसने एक प्राइवेट क्लिनिक में काम करना शुरू कर दिया था। उसने CRPF जवान की बेटी को शिकार बनाया था। पीड़िता ने बताया कि फोन पर बात करते-करते उसे उक्त युवक से प्यार हो गया था। इसी दौरान उसने पीड़िता का अश्लील फोटो-वीडियो बना लिया। पिछले 4-5 महीने से फोन कर-कर के वो पैसे की डिमांड कर रहा था।

नवादा थाने में इस बाबत मामला दर्ज किया गया था। उसके मध्य प्रदेश में होने की सूचना मिली। वो शिवपुरी में ‘माँ अम्बे क्लिनिक’ चला रहा था। उसे वहीं से दबोच लिया गया, लेकिन रात में शौच करने के बहाने वो फरार हो गया। इसके बाद उसके गया में होने की सूचना मिली। वहाँ से उसे गिरफ्तार करने में बिहार पुलिस को कामयाबी मिली। उसने कई लड़कियों को अपने जाल में फँसाने की जानकारी दी है, जिसकी जाँच की जा रही है। उसके पास से कई लड़कियों की तस्वीरें भी मिली हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया