मुंबई के होटल में बम ब्लास्ट की धमकी देने वाला गिरफ्तार, शराब के नशे में किया कॉल: पहले यूनिवर्सिटी में धमाके की बात बोलने पर पकड़ा गया था

मुंबई पुलिस को धमकी देने वाला गिरफ्तार (तस्वीर सभार: इंडिया टुडे)

मुंबई पुलिस को फोन करके बम धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया। युवक की गिरफ्तारी ऐसे मामले में दूसरी बार हुई है। बताया जा रहा है युवक ने शराब के नशे में पुलिस को फोन करके धमकाया था। हालाँकि पुलिस ने छानबीन में पाया कि वो ऐसा पहले भी करता रहा है।

बता दें कि मुंबई पुलिस को गुरुवार (20 अक्टूबर 2022) को रात 8: 49 पर एक फोन कॉल आया था। कॉल पर अज्ञात ने कहा कि शहर के ग्रैंड हयात में धमाके होने वाले हैं। पुलिस ने कॉल किए गए नंबर को ट्रेस किया और शुक्रवार (21 अक्टूबर 2022) तक आरोपित की गिरफ्तारी हुई।

रिकॉर्ड की छानबीन में पता चला कि आरोपित ने इससे पहले मुंबई यूनिवर्सिटी में बम धमाके के बारे में गलत जानकारी दी थी। इसके बाद वकोला पुलिस थाने में उसे कस्टडी में लिया गया था।

उल्लेखनीय है कि 18 अक्टूबर को रात के 10:45 पर नवी मुंबई पुलिस के पास हेल्पलाइन नंबर 112 पर एक कॉल आई थी। कॉल पर कहा गया था कि मुंबई के इनफिनिटी मॉल, पीवीआर मॉल, सहारा मॉल में धमाके होने वाले हैं।

जानकारी पाते ही पुलिस सीआईएसएफ के साथ मौके पर पहुँची। हर जगह छानबीन बुई लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला। केस को दर्ज करके आगे की जाँच शुरू कर दी गई है। मुंबई पुलिस का कहना है कि फर्जी कॉल कर करके केवल डर फैलाने की कोशिश हो रही है। शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। वहीं 1 नवंबर से 15 नवंबर तक सुरक्षा लिहाज से धारा 144 लगाने का फैसला लिया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया