हैदराबाद से गोरखपुर जा रही बस रीवा में गिट्टी लदे ट्रक से टकराई, 15 की मौत और 40 घायल: कइयों के हाथ-पैर कटे, दीपावली में घर जा रहे थे यात्री

रीवा बस हादसा (फोटो साभार: नई दुनिया)

मध्य प्रदेश के रीवा (Rewa, Madhya Pradesh) में एक हादसे में बस में सवार 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हैं। राहगीरों की सूचना के बाद घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। बस तेलंगाना के हैदराबाद से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रही थी।

शुक्रवार (21 अक्टूबर 2022) को करीब 11:30 बजे यात्रियों से भरी बस ट्रक के पीछे से टकरा गई। इसके बाद बस के केबिन में बैठे लोग बुरी तरह इसमें फँस गए। मृतकों एवं घायलों को निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त अधिकांश यात्री नींद में थे।

कहा जा रहा है कि बस के आगे-आगे गिट्टी से लदा भारी ट्रक चल रहा था। अचानक उसने ब्रेक लगा दिया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा घुसी। बस की केबिन में भी 3-4 लोग फँस गए थे। इस हादसे में कई लोगों के हाथ-पैर कट गए हैं। इनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

बस में सवार लोग दीपावली में अपने घर जा रहे थे। बस के बोनट और आगे की सीट पर बैठे सभी यात्रियों की मौत हो गई है। जिला प्रशासन ने मृतकों को उनके घर तक भेजने की व्यवस्था की है। इसके साथ ही घायलों का रीवा और प्रयागराज में नि:शुल्क इलाज कराया जा रहा है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया