चाँद हसन ने महिला प्रोफेसर पर चाकू से किया हमला, लूटे जेवरात: दिल्ली पुलिस ने दबोचा, पहले से 5 मामलों में है आरोपित

महिला प्रोफेसर पर चाकू से हमला (प्रतीकात्मक चित्र- istockphoto.com)

दिल्ली के पूर्वी इलाके शाहदरा में नमिता जैन नाम की महिला प्रोफेसर को चाकू मारकर उनके जेवरात छिन लिए गए। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करते हुए बुधवार (1 मई 2024) को चाँद हसन उर्फ सानू नाम के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। चाँद हसन दिलशाद गार्डन का निवासी है। घायल महिला का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

घटना 29 अप्रैल 2024 की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 47 साल की नमिता जैन उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित दिगंबर जैन कॉलेज में प्रोफेसर हैं। वह मानसरोवर मार्केट स्थित डीडीए फ्लैट में अपने परिवार के साथ रहती हैं। घटना वाले दिन वह रात करीब 9 बजे अप्सरा बॉर्डर पर घर जाने के लिए ई रिक्शे में बैठीं।

उस ई-रिक्शे में कुछ सवारियाँ पहले से बैठी हुई थीं। ई-रिक्शा जब शाहदरा फ्लाईओवर पर पहुँचा तो उसमें पहले से ही सवार एक शख्स ने रिक्शा रुकवाया। नमिता जैन को लगा को वह रिक्शे से उतरने के लिए रुकवाया है। हालाँकि, आरोपित चाँद हसन रिक्शे से उतरते ही नमिता को अपनी चेन और अंगूठी देने के लिए कहा।

नमिता जैन ने मना किया तो बदमाशों ने चाकू निकाल लिया और उनकी बाजू पर हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गईं। इसके बाद आरोपित उनका चेन लूटकर फरार हो गए। नमिता जैन ने बताया कि उनका चेन आर्टिफिशियल था। इसकी जानकारी किसी राहगीर ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीटीबी एनक्लेव थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची।

घायल प्रोफेसर को पुलिस पहले जीटीबी अस्पताल लेकर गई और वहाँ उनका इलाज कराया। इसके बाद नमिता जैन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपित की पहचान करनी शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपित चाँद हसन की पहचान की और उसे सीमापुरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपित चाँद हसन पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उसकी पहचान के लिए पुलिस ने 40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस का कहना है कि आरोपित चाँद हसन ड्रग्स का लती है। वह लूटपाट, घर में घुसने, डकैती और दूसरों को नुकसान पहुँचाने के पाँच मामलों में पहले से ही आरोपित है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया