2 हिंदू भाइयों को मस्जिद की ओर खींचा, बचाने गई दादी को घेर कर मारा: घटना दिल्ली की, आरोपित – शौकीन, नईम सहित कई

दिल्ली के कौशिक परिवार पर शौकीन और उसके साथियों ने किया हमला

देश की राजधानी दिल्ली में एक परिवार के साथ मारपीट की घटना हुई है। पीड़ित परिवार हिंदू है। जो आरोपित हैं, वो मुस्लिम हैं। यह घटना उत्तरी आउटर दिल्ली के भलस्वा डेयरी क्षेत्र की है। घटना शुक्रवार (5 नवम्बर 2021) की शाम लगभग 7 बजे की है। घटना का केंद्र है – मुकुंदपुर पार्ट 1, गली नंबर 13, निकट नबी मस्जिद। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

ऑपइंडिया के पास इस घटना की FIR मौजूद है। दर्ज मुकदमे में पीड़िता कुसुम देवी के अनुसार उनका छोटा पोता एक दुकान पर दूध खरीदने गया था। रास्ते में 2 अनजान लड़के उससे पैसा छीनने लगे। वह रोते हुए घर आया और अपने 12 साल के बड़े भाई के साथ उस स्थान पर दोबारा गया। जब ये दोनों भाई वहाँ पहुँचे तो पहले से मौजूद 3-4 लड़के दोनों भाइयों के साथ बदतमीजी करने लगे। इतना ही नहीं, उन्हें खींच कर मस्जिद की तरफ ले जाने लगे।

जब इस बात की जानकारी दोनों बच्चों के घर वालों को हुई तो वो मौके की तरफ दौड़े। दादी कुसुम देवी के अनुसार भोला प्रॉपर्टी नाम से काम करने वाला शौकीन उनसे झगड़ा करने लगा। उसने कुसुम देवी और बच्चों के साथ मारपीट की। इसी के साथ उसने 15-20 और लोगों को बुला लिया। कुसुम देवी ने भीड़ में मारपीट करने वालों में शौक़ीन के अलावा ज़हीम, नईम, आलम और छोटे को पहचाना है।

इस मामले की जानकारी जैसे ही हिन्दू संगठनों को हुई, वो सब पीड़ित परिवार के घर पहुँचने लगे। पुलिस ने इस मामले में धारा 323, 341, 356, 379, 506 और 34 IPC के तहत केस दर्ज किया है। इस केस की विवेचना सब इंस्पेक्टर संदीप नरवाल कुमार को सौंपी गई है। कानूनी जानकारों के मुताबिक इन सभी धाराओं में 7 साल से कम की सज़ा है।

महाकाल सेना नाम के एक संगठन ने पीड़ित परिवार के घर से न्याय की माँग की है। परिवार के साथ जारी वीडियो में न्याय न मिलने पर सड़कों पर उतरने की बात कही गई है। इस वीडियो में भलस्वा डेरी थाना पुलिस पर पीड़ित परिवार को ही पीटने और उनसे पैर पकड़वाने का आरोप लगाया जा रहा।

इसी के साथ अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल नाम के हिन्दू संगठनों ने इस घटना को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन सभी ने पीड़ित परिवार के घर से वीडियो भी जारी किए हैं। इस मामले की विस्तृत जानकारी के लिए दिल्ली पुलिस के DCP आउटर नॉर्थ को बार-बार सम्पर्क करने का प्रयास किया गया, हालाँकि उन्होंने फोन नहीं उठाया।

राहुल पाण्डेय: धर्म और राष्ट्र की रक्षा को जीवन की प्राथमिकता मानते हुए पत्रकारिता के पथ पर अग्रसर एक प्रशिक्षु। सैनिक व किसान परिवार से संबंधित।