दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा प्रतिबंधित इस्लामी संगठन SIMI का आतंकी हनीफ शेख, 22 साल से था फरार, भुसावल में पढ़ाता था उर्दू

दिल्ली पुलिस ने हनीफ शेख को महाराष्ट्र के भुसावल से गिरफ्तार किया है (चित्र साभार: ANI & Business Today)

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ़ इंडिया (SIMI) के एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। यह आतंकी 22 वर्षों से फरार था। उसके खिलाफ राजद्रोह और UAPA के तहत मामला चल रहा था। वह वर्तमान में महाराष्ट्र के भुसावल में एक स्कूल में उर्दू पढ़ा रहा था। कोर्ट ने उसे भगौड़ा घोषित किया हुआ था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने जिस आतंकी को गिरफ्तार किया है, उसका नाम हनीफ शेख है। वह SIMI की इस्लामिक मूवमेंट नाम की पत्रिका का उर्दू सम्पादक था और अपने कट्टर विचारों से बीते ढाई दशकों में बड़ी संख्या में मुस्लिम युवकों को जिहादी बना रहा था। उसकी तलाश पिछले 4 साल से लगातार जारी थी।

दिल्ली पुलिस हनीफ शेख को पकड़ने के लिए देश के कई हिस्सों में जा चुकी थी और उसके विषय में जानकारी जुटा रही थी। उसको पकड़ने के लिए प्रयास करने पर दिल्ली पुलिस को पता चला था कि वह वर्तमान में महाराष्ट्र के भुसावल में है। हनीफ यहाँ एक उर्दू स्कूल में पढ़ा रहा था और साथ ही उसने अपना नाम हनीफ हुडई से बदल कर मोहम्मद हनीफ कर लिया था।

दिल्ली पुलिस ने उसे दबोचने के लिए भुसावल में अपनी एक टीम भेजी थी। यह टीम लगातार यहाँ जानकारी इकट्ठा कर रही थी। इसने एक दिन जाल बिछा कर हनीफ को पकड़ लिया। हनीफ ने पुलिस के चंगुल के भागने की कोशिश भी कि लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया।

हनीफ के खिलाफ वर्ष 2001 में UAPA और अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। सितम्बर, 2001 में दिल्ली के जामिया नगर में SIMI आतंकी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने यहाँ जब छापा मारा तो अधिकांश लोग भाग गए थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस से बड़ी मात्रा में मुस्लिमों के आतंक के रास्ते पर ले जाने वाला साहित्य बरामद हुआ था। यहाँ से भागने वालों में हनीफ शेख भी शामिल था। इसकी तब से ही तलाश चल रही थी।

दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा हनीफ शेख SIMI के थिंक टैंक का हिस्सा था। वह वह वर्तमान में वहादत ए इस्लाम नाम के इस्लामिक संगठन को बढ़ा रहा था। वह चन्दा माँग कर आतंकी गतिविधियों की फंडिंग करवाने में भी संलिप्त था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके लिंक निकालने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि उसे अब अलग-अलग प्रदेशों में भी पूछताछ के लिए ले जाया जाएगा।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया