दिल्ली की शाहीना ने वेद मंत्रों के बीच की घर वापसी, बनीं आराधना; अग्नि के 7 फेरे लेकर शिवम को चुना जीवन साथी… अपनी और पति की सुरक्षा की लगाई गुहार

सनातन धर्म में घर वापसी करते हुए दिल्ली की शाहीना बनीं आराधना

देश की राजधानी दिल्ली में एक मुस्लिम लड़की ने घर वापसी की है। घर वापसी करने वाली लड़की पश्चिमी दिल्ली की बताई जा रही है। लड़की का नाम शाहीना है, जो घर वापसी के बाद आराधना बन चुकी है और शिवम नाम के लड़के को अपना जीवनसाथी चुना है। शाहीना ने हिन्दू धर्म में वापसी को अपनी खुद की मर्जी बताया और कहा कि वह इससे ख़ुश जताई है।

शाहीना और शिवम ने वैदिक विधि-विधान से दिल्ली के एक आर्य समाज मंदिर में शादी की है। खुद को बेवजह तंग नहीं करने की माँग करते हुए शाहीना ने दिल्ली प्रशासन से अपनी और अपने पति की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। यह विवाह गुरुवार (7 मार्च 2024) को सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर हिन्दू मोर्चा नाम का संगठन चलाने वाले दीपक मलिक भी मौजूद थे।

दीपक मलिक ने ऑपइंडिया को बताया कि मोहम्मद कुतुबद्दीन की बेटी शाहीना लगभग 8 साल से शिवम से प्यार करती है। अलग-अलग मजहब होने की वजह से शाहीना के परिजन इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। कपड़े बेचने का काम करने वाले शिवम भी शाहीना से शादी के लिए प्रयास कर रहे थे। इस बीच दोनों ने हिन्दू मोर्चा से सम्पर्क किया। मोर्चा ने दोनों को सुरक्षा और सहयोग का वादा किया है।

शिवम से शादी के लिए 22 साल की शाहीना 7 मार्च 2024 को अपने घर से जैसे-तैसे करके निकली और 26 वर्षीय शिवम के पास पहुँची। यहाँ से दोनों पहले अदालत गए। कोर्ट में वकील के माध्यम से शाहीना ने जरूरी कागजात बनवाए। इन कागजातों में एक शपथ पत्र भी शामिल है, जिसमें बिना किसी दबाव में सनातन धर्म में घर वापसी करने और अपना नाम आराधना रखने की जानकारी दी गई है।

कोर्ट में जरूरी कागजात बनवाने के बाद यह प्रेमी जोड़ा शाहदरा क्षेत्र के एक आर्य समाज मंदिर पहुँचा। यहाँ पर वैदिक विधि-विधान से शाहीना ने शिवम से विवाह किया। ऑपइंडिया के पास विवाह प्रमाण पत्र और शाहीना का वीडियो बयान मौजूद हैं। शादी के दौरान दोनों ने वेद मंत्रों के बीच अग्नि के 7 फेरे लिए। इस अवसर पर हिन्दू मोर्चा के सदस्य बाराती और घराती दोनों की भूमिका निभाते दिखे।

शादी के बाद मंदिर में जय श्रीराम के नारे लगे। शाहीना ने अपनी शादी से खुद को खुश और संतुष्ट बताया। पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में उन्होंने अपनी और अपने पति की सुरक्षा की माँग की। दीपक मलिक ने ऑपइंडिया से बताया कि फिलहाल सब सही है। पति-पत्नी को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। दीपक ने कहा कि अगर किसी ने शिवम और शाहीना को धमकाने की कोशिश की उसको उसी भाषा में जवाब मिलेगा।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया