‘पत्नी को सबक सिखाना था, इसीलिए बेटे को मार डाला’: दिल्ली के हत्यारे बाप का खुलासा, बेटे की शादी से कुछ घंटे पहले 15 बार घोंपा था चाकू

मृतक गौरव (बाएँ) और हत्यारा पिता रंगलाल (दाएँ) (चित्र साभार: ETV Bharat & India Today)

दिल्ली में अपने बेटे गौरव सिंघल की हत्या करने वाले पिता रंगलाल सिंघल ने पुलिस को बताया है कि वह अपनी पत्नी को इस तरीके सबक सिखाना चाहता था। उसने कहा है कि उसे अपने बेटे की हत्या करने का कोई पछतावा नहीं है। उसे जयपुर से गिरफ्तार किया गया है।

गौरतलब है कि बुधवार (6 मार्च, 2024) को दिल्ली में शादी से कुछ ही घंटों पहले एक युवक गौरव सिंघल की बेरहमी से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। गौरव सिंघल फिट बॉक्स नाम का जिम चलाता था और कुछ ही घंटों बाद वो दूल्हा बनने वाला था।

बीते 3 मार्च को ही गौरव की सगाई हुई थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला उसका पिता रंगलाल मौके से फरार हो गया था, जिसे जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए जाने के बाद इस मामले में कई खुलासे हुए हैं।

बेटे गौरव की हत्या करने वाले रंगलाल ने पुलिस को बताया है कि उसके अपने बेटे और पत्नी से सम्बन्ध सही नहीं थे। उसकी पत्नी उससे अलग रहती थी। उसका अपनी पत्नी और बेटे से विवाद चल रहा था। हत्या करने से पहले उसका अपने बेटे से विवाद भी हुआ था।

गौरव ने उसको थप्पड़ भी मार दिया था। इसी को लेकर वह और भी नाराज था। वह पत्नी से इसलिए गुस्सा था क्योंकि वह लगातार अपने बेटे का ही पक्ष लेती थी। इन सब बातों से गुस्सा होकर उसने बेटे को मार दिया। उसने कहा कि उसे हत्या करने का कोई पछतावा भी नहीं है।

जाँच में सामने आया है कि रंगलाल ने तीन और लड़कों को इस हत्या के लिए पैसे दिए थे। हत्या करने के लिए ₹1.5 लाख देने का वादा हुआ था। ₹75,000 पहले ही दे दिए गए थे जबकि हत्या के बाद ₹75,000 देने की बात कही गई थी।

रंगलाल इस हत्या की योजना पिछले 3-4 महीने से बना रहा था। वह हत्या करने के बाद घर से ₹15 लाख नकद और ₹50 लाख के जेवर लेकर भी भाग गया था जो कि उसके पास से ही बरामद किए गए हैं। पुलिस रंगलाल को जयपुर से दिल्ली ले आई है।

रंगलाल ने शादी से पहले संगीत वाले दिन गौरव को अकेले बुलाया और इसी दौरान उसने तीनों साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। उसकी हत्या करने के लिए चाकुओं और कैंचियों से उस पर लगातार वार किए गए।

इसके बाद वह गौरव को वहीं छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी जाँच में पाया कि यह लोग अपने साथ एक बैग लेकर गए हैं। रंगलाल ने जयपुर पहुँचने के बाद अपना फ़ोन बंद कर दिया था। उसने एक ऑटो वाले के फ़ोन से सम्पर्क साधा था। इसी के आधार पर पुलिस उस तक पहुँच गई। अभी रंगलाल पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ चल रही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया