आयशा मस्जिद का मदरसा, हाफिज ने 12 साल के बच्चे से कुकर्म किया: पीड़ित अब्बा से कहा- शिकायत मत करो, यह दीन का मामला

गाजियाबाद के मदरसे में नाबालिग से कुकर्म (प्रतीकात्मक चित्र)

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के एक मदरसे में नाबालिग छात्र से कुकर्म का मामला सामने आया है। यह मदरसा आयशा मस्जिद में चल रहा है। पीड़ित छात्र के अब्बा ने मदरसे के हाफिज के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। बताया जा रहा है कि हाफिज ने इसे दीन का मसला बताते हुए शिकायत नहीं करने को भी कहा था। फिलहाल हाफिज फरार चल रहा है। घटना शनिवार (28 जनवरी 2023) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लोनी थाना क्षेत्र के पूजा कॉलोनी की आयशा मस्जिद में एक मदरसा चलता है। इस जगह पर हाफिजी मामून बच्चों को इस्लामी तालीम देता है। मदरसे में बागपत के गाँव असाला के रहने वाले एक व्यक्ति ने 6 माह पहले अपने 12 साल के बच्चे का एडमिशन करवाया था। तब से बच्चा मदरसे में ही रह कर दीनी तालीम हासिल कर रहा था। बताया जा रहा है कि हाफिज मामून उस पर बुरी नजर रखता था।

जानकारी के मुताबिक 28 जनवरी की रात को हाफिज ने बच्चे के साथ कुकर्म किया। फिर अगले दिन 29 जनवरी को बच्चे को दिन भर मदरसे में बाहर नहीं निकलने दिया। किसी तरह सोमवार (30 जनवरी) को बच्चा मदरसा से निकला। एक राहगीर के फोन से अपने अब्बा को हाफिज द्वारा किए गए कुकर्म की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित अब्बा आयशा मस्जिद पहुँचे।

बताया जा रहा है कि यहाँ पर उन्होने आरोपित हाफिज से सवाल-जवाब किया। इस पर हाफिज मामून ने उन्हें मामले की शिकायत किसी से न करने की सलाह दी। हाफिज ने कहा कि इससे मदरसा बंद हो सकता है और यह दीन का मामला है। लेकिन पीड़ित के अब्बा ने लोनी थाने में पहुँच कर शिकायत दर्ज करवाई। हाफिज के कुकर्म की जानकारी देते हुए पीड़ित के अब्बा का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

ACP लोनी ने बताया है कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपित हाफिज की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया