21 साल के मनोहर को 8 टुकड़ों में काट डाला, क्योंकि रुखसाना से चल रहा था इश्क: हिमाचल की घटना, मुस्लिम प्रेमिका का भाई गिरफ्तार

पुलिस ने नाले से बरामद की मनोहर (बाएँ) की लाश (चित्र साभार: @kscChouhan ट्विटर अकाउंट)

मुस्लिम लड़की से इश्क के कारण हिमाचल प्रदेश में 21 साल के एक हिंदू युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मनोहर के तौर पर हुई है। उसकी लाश आठ टुकड़ों में एक नाले से बरामद की गई है। पुलिस ने इस मामले में शबीर को गिरफ्तार किया है। कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मनोहर 6 जून 2023 से लापता था। उसका शव पुलिस ने 9 जून 2023 (शुक्रवार) को बरामद किया। हिन्दू संगठनों ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मामला चम्बा के सलूनी इलाके में बांदल गाँव का है। यहाँ के रहने वाले मनोहर का रुखसाना नाम की लड़की से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि लड़की के घर वालों को ये रिश्ता पसंद नहीं था।

इसी बीच 6 जून को मनोहर अचानक लापता हो गया। घर वाले उसकी तलाश कर रहे थे। तीन दिन बाद सलूनी इलाके में ही एक नाले के पास से गुजर रहे कुछ लोगों को बदबू आई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद एक बोरा नाले से निकाला गया। बोरे को खोला गया तो उसमें एक युवक की लाश थी। शव 7-8 टुकड़ों में कटा हुआ था। शव की पहचान मनोहर के रूप में हुई।

मामले की जानकारी मिलते ही हिन्दू संगठन आक्रोशित हो गए। धारा 302 के तहत केस दर्ज कर पुलिस जाँच कर रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। जाँच के दौरान शबीर का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने शबीर को गिरफ्तार कर कोर्ट से 5 दिनों की रिमांड ली है। शबीर को रुखसाना का भाई बताया जा रहा है।

मृतक की माँ ने आरोपितों के लिए फाँसी की माँग की है। मनोहर की माँ ने रुखसाना के चाचा मुसाफिर पर भी अपने बेटे की हत्या में शामिल होने का शक जताया है। ऑपइंडिया ने चम्बा पुलिस के मीडिया सेल प्रभारी मनीष से बात की। मनीष ने बताया कि एडिशनल SP ने मौके पर जाकर जाँच की है।

ऑपइंडिया से बात करते हुए बजरंग दल के जिला संयोजक रवि भारद्वाज ने बताया कि यदि प्रशासन ने आरोपितों पर कार्रवाई नहीं की तो संगठन आंदोलन करेगा। वहीं स्थानीय बीजेपी नेता अजय टंडन ने आशंका जताई है कि दहशत फैलाने के लिए देवदार की लड़की की तस्करी करने वाले मुस्लिम इस हत्याकांड के पीछे हो सकते हैं। कुछ मीडिया रिपोर्टो में दावा किया गया है कि मुस्लिमों ने इस हत्या के बाद आरोपित के परिवार का बहिष्कार कर दिया है। लेकिन टंडन के अनुसार यह महज दिखावा है। कुछ दिनों के दिखावे के बाद ये सभी लोग फिर से एकजुट हो जाएँगे।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया