अब महाराष्ट्र में हाइवे पर कंटेनर ने कई गाड़ियों को ठोका, होटल में घुस गया; 12 की मौतः 3 दिन पहले बुलढाणा में बस हादसे में जलकर मर गए थे 26 यात्री

महाराष्ट्र के धुले में भीषण सड़क हादसा (फोटो साभारः ANI)

महाराष्ट्र के धुले जिले में मंगलवार (4 जुलाई 2023) को हुए भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 15 घायल बताए जा रहे हैं। तेज रफ्तार कंटेनर कई वाहनों को टक्कर मारता हुआ होटल में जा घुसा। इससे यह बड़ा हादसा हो गया है। हादसे के बाद कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में मरने वालों की संख्या में इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना धुले जिले के पलासनेर गाँव की है। मुंबई-आगरा हाइवे से दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर गुजर रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर कई वाहनों को रौंदता हुआ होटल में घुस गया। बताया जा रहा है कि इस घटना में कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआत में मरने वालों की संख्या 7 बताई जा रही थी। हालाँकि इसके बाद अब यह संख्या 1 दर्जन के करीब पहुँच चुकी है। घायलों की गंभीर हालत के चलते मौत का आँकड़ा बढ़ सकता है।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को हॉस्पिटल पहुँचाया गया। वहाँ घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस प्रशासन भी राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। घटना किस वजह से हुई इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालाँकि रिपोर्ट्स में हादसे की वजह कंटेनर का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। 

बता दें कि इससे पहले शनिवार (1 जुलाई, 2023) को महाराष्ट्र के बुलढाणा में भी भीषण सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में बस में सवार 3 बच्चों समेत 26 लोग जिंदा जलकर मौत के मुँह में समा गए थे। इस हादसे में पुलिस ने बस ड्राइवर दानिश शेख इस्माल को गिरफ्तार किया है। दानिश पर पुलिस को बरगलाने और ‘टायर फटने का झूठ’ बोलने का आरोप है। पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 134, 184 और 279 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया