हिस्ट्रीशीटर को दी मानद डॉक्टरेट की डिग्री, हत्या के चल रहे हैं 3 मामले

महादेवा साहूकार भैरागौंड (बाएँ से तीसरे) को डॉक्टरेट की मानद उपाधि (साभार: Newindianexpress.com)

कर्नाटक के विजयपुरा के निवासी उस समय हैरत में पड़ गए जब उन्हें पता चला कि उनके जिले के एक हिस्ट्रीशीटर को इंडोनेशिया के एक विश्वविद्यालय ने मानद डॉक्टरेट की डिग्री से सम्मानित किया है।

इंडो​नेशिया के कानून एवं मानवाधिकार मंत्रालय के तहत पंजीकृत एएसआईएएन यूनिवर्सिटी ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए महादेव साहूकार भैरागौंड को मानद उपाधि से सम्मानित किया। भैरागौंड भैरवनाथ शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष हैं। बताया जाता है कि यह संस्था 1,500 ग़रीब छात्रों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करती है।

ग़ौरतलब है कि भैरागौंड पर 6 मामले दर्ज हैं। इनमे 3 हत्या के और एक हत्या की कोशिश से जुड़ा है। इसके अलावा शस्त्र अधिनियम के तहत दो और अवैध बालू खनन का एक मामला भी उसके खिलाफ चल रहा है। सारे मामले चाडचन पुलिस स्टेशन में दर्ज हैं। फ़िलहाल, हत्या के एक मामले में वह ज़मानत पर बाहर है। यह मामला 2017 में दर्ज किया गया था। जब न्यू इंडियन एक्सप्रेस ने विश्वविद्यालय से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया