J&K में भाजपा के OBC नेता की हत्या, सिक्यॉरिटी सेंटर में ठहराए जाने के बावजूद आतंकियों ने बनाया निशाना

बडगाम में भाजपा OBC मोर्चा के जिलाध्यक्ष अब्दुल हामिद नज़र की मौत (फोटो साभार: दैनिक जागरण)

जम्मू कश्मीर में भाजपा नेताओं की हत्या का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बडगाम में भाजपा OBC मोर्चा के जिलाध्यक्ष अब्दुल हामिद नज़र की हत्या कर दी गई है। आतंकियों ने उन्हें रविवार (अगस्त 9, 2020) को गोली मार दी थी। कहा जा रहा है कि जम्मू कश्मीर में हो रही कार्रवाई से बौखला कर आतंकियों ने ऐसा किया। उन्हें गोली लगने के बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अब उनकी मौत हो गई है।

भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अब्दुल हामिद सिक्यॉरिटी सेंटर से सैर के लिए निकले थे। तभी बाइक सवार आतंकियों ने उन्हें गोली मार दी। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। आशंका जताई जा रही है कि यह द रेसिस्टैंट फ्रंट या फिर अल बदर मुजाहिद्दीन की करतूत हो सकती है।

38 वर्षीय अब्दुल हामिद नज़र बडगाम के मेहदीपोरा के रहने वाले थे। वो सौर-ए-अफाक होटल में बनाए गए सिक्योरिटी सेंटर से 3 किलोमीटर दूर ओमपोरा क्षेत्र में टहल रहे थे। आतंकियों ने उन्हें सामने से गोली दागी। बाइक पर 2 आतंकी सवार थे। गोलियाँ उनके पेट में लगीं। स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ भाजपा नेता को अस्पताल पहुँचाया। वहाँ उन्हें श्रीनगर के महाराज हरि सिंह अस्पताल में ले जाया गया।

आतंकी उन्हें गोली मार कर फरार भी हो गए। डॉक्टरों ने बताया था कि पेट में गोली लगने के कारण उनके लीवर को नुकसान पहुँचा था। बताया गया है कि जब उन्हें जब गोली लगी तो वो ओमपुरा रेलवे स्टेशन तक पहुँच गए थे और उस समय वहाँ लोगों की आवाजाही भी कम थी। उन्हें काफी समय से आतंकियों की धमकियाँ मिल रही थीं, जिसके बाद उन्हें सिक्योरिटी सेंटर में ठहराया गया था। उन्हें अकेला देख आतंकियों को मौका मिल गया।

इससे पहले बडगाम में ही आतंकियों ने जम्मू कश्मीर के भाजपा राज्य कार्यकारिणी की सदस्य डॉक्टर अनीसा गुल को भी निशाना बनाया था। उन्हें भी फिलहाल सिक्योरिटी सेंटर में ही ठहराया गया है। उन्हें श्रीनगर के छिन्नपोरा में निशाना बनाने का प्रयास किया गया था। रात को 1 बजे 5 आतंकियों ने उनके घर को घेर लिया था। किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के गाड़ियों के आने के बाद आतंकी फरार हो गए थे।

https://twitter.com/rpbreakingnews/status/1292666028783149056?ref_src=twsrc%5Etfw

हाल ही में कश्मीर के कुलगाम जिला स्थित काजीगुंड ब्लॉक के वेसू गाँव में आतंकवादियों ने भाजपा सरपंच सज्जाद अहमद खांडे की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया था। सज्जाद अहमद खांडे एक सुरक्षित प्रवासी शिविर में कई सरपंचों के साथ रह रहे थे। वह बृहस्पतिवार (अगस्त 05, 2020) सुबह अपने घर जाने वाले थे और उन्हें आतंकवादियों ने तब गोली का निशाना बनाया, जब जब वह अपने घर से मात्र 20 मीटर दूर थे।

भाजपा पार्टी के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने सभी सरपंचों के लिए सुरक्षा की माँग करते हुए कहा, “यह हताशा के कारण उठाया गया कदम है क्योंकि भाजपा पैर जमा रही है। मैं उन्हें बताना चाहता हूँ कि लड़ाई वैचारिक होनी चाहिए। आप उन लोगों को मारते हैं, जो गरीबों और वंचितों के लिए लड़ते हैं। मुझे लगता है कि उन सभी सरपंचों को जिन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की गई है, अब उन्हें सुरक्षा दी जानी चाहिए।”

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया