‘सबसे बेकार हेमंत सरकार’: 3 साल बाद फिर पावर कट से बिगड़ा साक्षी धोनी का मूड, बिजली संकट पर झारखंड सरकार को लगाई लताड़

झारखंड में बिजली जाने से परेशान साक्षी धोनी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह की पत्नी साक्षी धोनी ने झारखंड में बिजली की कमी का मुद्दा एक बार फिर से सोशल मीडिया पर उठाया है। उन्होंने अपनें इंस्टाग्राम पर बताया था कि कैसे उनका क्षेत्र बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहा है और उन लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही। अब उन्होंने इसी समस्या पर करदाता होने के नाते जवाब माँगा है।

अपने ट्विटर पर उन्होंने लिखा, “झारखंड के एक करदाता के रूप में, मैं सिर्फ यह जानना चाहती हूँ कि झारखंड में इतने सालों से बिजली संकट क्यों है? हम ऊर्जा की बचत करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं!”

साक्षी के इस ट्वीट के बाद इस समस्या से जूझने वाले तमाम लोग उन्हें रिप्लाई देकर हालातों के बारे में बताने लगे। आलोक प्रसुन्न जिन्होंने 2021 में बताया था कि हजारीबाग में 15-16 घंटे बिजली नहीं रहती, उन्हीं आलोक ने कहा, “साक्षी मैम ये हाल तब है जब आप राज्य की राजधानी राँची में रहती हैं, सोचिए अन्य शहरों के क्या हाल हैं। ये हर झारखंडी की किस्मत बन गई है। हेमंत सोरेन सरकार पहली सभी सरकारों से भी घटिया है कि बिजली भी नहीं दे सकती।”

बता दें कि ये पहली बार नहीं है कि साक्षी ने राज्य में बिजली कटौती का मुद्दा सोशल मीडिया पर उठाया हो। उन्होंने साल 2019 में भी ऐसा ही एक पोस्ट किया था और राँची के लोगों की आवाज उठाते हुए कहा था, “राँची के लोगों के घर हर दिन 4-7 घंटे बिजली जाती है।”

उन्होंने 19 सितंबर 2019 को लिखा था कि उनके घर 5 घंटे से बिजली नहीं है जबकि मौसम भी ठीक है और कोई त्योहार भी नहीं है। अपने पोस्ट में उन्होंने उम्मीद जताई थी कि उनकी समस्या संबंधित अधिकारियों द्वारा सुनी जाएगी। हालाँकि, उस पोस्ट के 3 साल बाद भी ऐसा लगता है कि झारखंड के हालात सुधरे नहीं हैं जो झारखंड के सबसे बड़े करदाताओं में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के परिवार को भी इसकी शिकायत करनी पड़ रही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया