जिस नाबालिग मुस्लिम को दिया काम, उसी ने निकाल ली आँतें, हिन्दू दुकानदार के खून से लाल हो गया जूतों का शोरूम: 3 चाकूबाज के साथ किया हमला

कानपुर में मुस्लिम स्टाफ ने अपने शोरूम मालिक को घोंपा चाकू (चित्र साभार- यूट्यूब/UP Crime Alert)

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक हिन्दू व्यापारी पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का नाम राजू हरगुनानी है जिनका जूतों का शोरूम है। मुख्य हमलावर मुस्लिम समुदाय का है जो कि नाबालिग बताया जा रहा है। आरोपित पूर्व में पीड़ित राजू की दुकान पर काम कर चुका था। हमले में घायल राजू की आँतें भी बाहर निकल आईं हैं। गंभीर हालत में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शुक्रवार (19 अप्रैल, 2024) की है। पुलिस ने हमलावरों की संख्या 4 बताई है।

यह घटना कानपुर नगर के पूर्वी क्षेत्र की है। यहाँ के कोतवाली क्षेत्र में नवीन मार्केट है जहाँ लगभग 57 वर्षीय राजू हरगुनानी ने जूतों का शोरूम खोल रखा है। राजू के भतीजे सुनील कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। अपनी शिकायत में सुनील ने बताया है कि राजू की दुकान पर पहले से ही बिलाल, अख्तर और शान नाम के कर्मचारी काम कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले राजू ने लगभग 14 वर्षीय एक अन्य लड़के को काम पर रखा था जो कि मुस्लिम समुदाय से था। लड़के ने लगभग 1 हफ्ते ही राजू की दुकान पर काम किया फिर किसी बात से नाराज हो कर चला गया।

शुक्रवार (19 अप्रैल) को रात लगभग 8:30 से 9:00 बजे के बीच राजू अपने शोरूम के काउंटर पर बैठे हुए थे। तभी काम छोड़ कर जा चुका उनका पूर्व नाबालिग स्टाफ शो रूम के अंदर आया। उसके हाथ में एक बड़ा सा चाकू था। शो रूम में घुसते ही हमलावर ने राजू पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। राजू के पेट, पीठ और हाथों में कई घाव हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़ित के पेट की अँतड़ियाँ भी बाहर निकल गईं थीं। शोरूम में ढेर सारा खून फ़ैल गया।

चीख-पुकार सुन कर जब आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर ने उन्हें भी चाकू दिखा कर डराया और दूर रहने की हिदायत दी। राजू को कई चाकू घोपने के बाद हमलावर मौके से भाग निकला। चाकूबाजी से इलाके में अफरातफरी मच गई। राजू को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनका इलाज वेंटिलेटर पर चल रहा है। सुनील कुमार ने अपनी शिकायत में राजू पर हमला करने वाले आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की माँग की है। ऑपइंडिया के पास शिकायत कॉपी मौजूद है।

मामले की सूचना पर पहुँची पुलिस ने केस दर्ज कर के तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हमलावरों की संख्या 4 बताई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के बाद मुख्य आरोपित लखनऊ भाग गया था। शनिवार (20 अप्रैल) को पुलिस ने दबिश दे कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। हमलावर पर पुलिस ने IPC की धारा 307 व 506 के तहत FIR दर्ज की है। मामले की जाँच और अन्य जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया