गर्भवती बीवी को डॉक्टरों से रखा दूर; नॉर्मल बच्चे को पैदा करने की जिद में देखा करता था यूट्यूब… जच्चा-बच्चा की मौत के बाद केरल पुलिस की हिरासत में नयाज

एक्यूपंचर विधि से बच्चा पैदा कराने की जिद पर अड़े नयाज (बाएँ) की बीवी और नवजात बच्चे की मौत (चित्र साभार- न्यूज़ 18)

केरल के करक्कमंडपम में मंगलवार (20 फरवरी 2024) को प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस ने इस मामले में महिला के शौहर को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम नयाज़ है, जिसके खिलाफ आशा वर्करों ने शिकायत दर्ज करवाई है। आरोप है कि नयाज एक्यूपंक्चर विधि से अपनी बीवी समीरा बीवी का इलाज करवा रहा था। वह किसी भी डॉक्टर को अपने घर में घुसने भी नहीं देता था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना करक्कमंडपम के पूनथुरा इलाके की है। यहाँ रहने वाला नयाज साउंड सिस्टम का काम करता है। घर में उसकी 36 वर्षीया बीवी समीरा थी। समीरा 3 बच्चों की माँ थी। उसके तीनों बच्चे सर्जरी से हुए थे। समीरा चौथी बार गर्भवती हुई थी। इलाके की आशा वर्करों का कहना है कि पूरे 9 माह में एक बार भी नयाज ने अपनी बीवी को डॉक्टरों को नहीं दिखाया था।

नया किसी भी स्वास्थ्यकर्मी को अपने घर में घुसने नहीं देता था। माना जा रहा है कि नयाज किसी भी हाल में अपना चौथा बच्चा सामान्य प्रसव से ही पैदा करना चाहता था। हालाँकि, सामान्य प्रसव की संभावना न के बराबर थी, इसके बावजूद नयाज अपनी जिद पर अड़ा रहा। वह सामान्य प्रसव के तरीके यूट्यूब पर देखा करता था।

नयाज अपने किराए के मकान में सिर्फ एक एक्यूपंचर डॉक्टर को बुलाता था। जैसे-तैसे करके एक बार एक स्वास्थ्यकर्मी नयाज के घर के अंदर पहुँच गई। तब जाकर लोगों को समीरा के प्रेग्नेंट होने की जानकारी हुई थी। हालाँकि, अपने शौहर की ज़िद को देखते हुए समीरा किसी से भी अपनी डिलीवरी के बारे में बात नहीं करती थी।

उसकी बीवी की गर्भावस्था के बारे में जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने नयाज से अपनी बीवी का इलाज करवाने की गुजारिश की। इस गुजारिश पर नयाज ने खुद को अपनी बीवी का ध्यान रखने में सक्षम बताया। आखिरकार 20 फरवरी को प्रसव के दौरान समीरा की मौत हो गई। नवजात बच्चे को भी नहीं बचाया जा सका।

इस घटना की जानकारी होने पर आशा वर्करों ने पुलिस में नयाज के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने नयाज के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज करके उसे हिरासत में ले लिया है। आरोपित नयाज से पूछताछ की जा रही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया