‘कैश में दो पैसे – गालियाँ बकते हुए Ola ड्राइवर परवेज ने पीटा, हाथ में फ्रैक्चर-निकलने लगा खून’: मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR, वीडियो आया सामने

ओला ड्राइवर परवेज पर पत्रकार वरुण सिंह को पीटने की FIR दर्ज (चित्र साभार - @singhvarun)

‘Square Feat India’ के संस्थापक व पत्रकार वरुण सिंह ने एक ओला बाईक ड्राइवर पर अपने साथ मारपीट का आरोप लगाया है। आरोपित ड्राइवर का नाम परवेज बताया जा रहा है। वरुण सिंह ने घटनाक्रम का वीडियो भी अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए मुंबई पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने FIR दर्ज कर के जाँच शुरू कर दी है। ओला कंपनी ने भी इस मामले में ड्राइवर के व्यवहार को गलत बताते वरुण से माफ़ी माँगी है। घटना शुक्रवार (9 दिसंबर, 2022) की है।

वरुण द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में ओला ड्राइवर परवेज उनकी वीडियो बना रहा है। 29 सेकेंड के उस वीडियो में वरुण ड्राइवर पर ओला मनी के बजाए कैश पेमेंट देने के लिए कहे जाने का आरोप लगा रहे हैं। वरुण ड्राइवर से ओला मनी से पेमेंट न किए जाने की वजह पूछ रहे हैं लेकिन ड्राइवर सिर्फ उनकी वीडियो बना रहा है। वीडियो में परवेज की स्कूटी भी दिखाई दे रही है।

वरुण का कहना है कि उन्होंने फीनिक्स मॉल से कहीं जाने के लिए ओला बुक की थी। इस दौरान परवेज ने कैश में जाने की बात कही तो उन्होंने उसका फोटो खींच लिया। अपने ट्वीट में वरुण ने बुकिंग लोकेशन भी शेयर की है। वरुण द्वारा बुक की गई गाडी का नंबर MH 03 CF 4420 है। उसके 84 रुपए भाड़ा दिखाई दे रहा है।

1:43 मिनट के एक अन्य वीडियो में वरुण ने आरोपित ड्राइवर परवेज पर 5 बार अपनी पिटाई का आरोप लगाया है। एक राहगीर महिला ने हस्तक्षेप की भी कोशिश की। वरुण ने वीडियो में कहा कि उनके हाथों में फैक्चर हो गया है और खून भी निकल रहा है। आस-पास के लोगों ने पुलिस को बुलाने की सलाह भी दी। इस पूरी वीडियो में परवेज लगातार बहस करता सुनाई दे रहा है। इस पूरी बहस में आरोपित परवेज वरुण सिंह से किसी को भी बुलाने और बिलकुल भी न डरने का ताव दे रहा है।

वरुण सिंह ने अपने अन्य ट्वीट में जानकारी दी है कि परवेज द्वारा किए गए हमले के बाद वो अस्पताल गए। वहाँ उन्होंने इलाज करवाने के बाद पुलिस स्टेशन का रुख किया। एक ट्वीट में उन्होंने जानकारी दी है कि उनका केस पुलिस ने दर्ज कर लिया। वरुण सिंह ने यह भी कहा कि उन पर ओला ड्राइवर परवेज उन पर गाली देने का आरोप लगा रहा था जो सरासर गलत है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया