पटाखों पर पाकिस्तानी क्रिकेटर की फोटो, दुकानदार और BJYM कार्यकर्ताओं में विवाद… तमिलनाडु से आए थे पटाखे

मथुरा में बिक रहे पटाखों पर थी पाकिस्तानी खिलाडी की फोटो

उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा में पटाखों के एक बक्से पर पाकिस्तान के क्रिकेटर का फोटो होने के बाद विवाद हो गया। यह विवाद हाईवे थानाक्षेत्र के मंडी समिति इलाके का है। घटना 30 अक्टूबर 2021 (शनिवार) की बताई जा रही है। विवाद बढ़ता देख कर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार व्यापारी दिनेश कुमार मथुरा में पटाखों के थोक विक्रेता हैं। उन्होंने तमिलनाडु के शिवकाशी से थोक भाव में पटाखे मँगाए थे। उन पटाखों पर कई देशों के क्रिकेट खिलाडियों की तस्वीरें छपी थीं। इन्हीं में से एक पाकिस्तानी क्रिकेटर भी था। इस बात की जानकारी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को हुई तो वो दुकान पर पहुँच गए।

दुकानदार और भाजपा नेताओं में बहस शुरू हो गई। वाद विवाद बढ़ता देख कर मौके पर पुलिस बल पहुँचा। पुलिस दुकानदार को पटाखों के डिब्बों सहित थाने ले आई। थोड़ी देर बार पुलिस दोनों पक्षों को शांतिपूर्ण ढंग से समझाने में सफल रही।

इस मामले में स्थानीय थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुकानदार ने थोक भाव में तमिलनाडु से पटाखे मँगवाए थे। उन्हें ये नहीं पता था कि डिब्बों पर पाकिस्तानी खिलाड़ी का नाम छपा होगा। इन डिब्बों में अन्य देशों के खिलाड़ियों के भी नाम छपे हैं। इस मामले में कोई केस भी दर्ज नहीं किया गया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया