जिस बिहार में दारू बैन, वहाँ शराब माफिया ने दरोगा को कार से कुचल कर मार डाला: माफिया के आगे बेबस बिहार सरकार, गठबंधन में बिजी नीतीश कुमार

बिहार के बेगूसराय में शराब माफियाओं ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर की हत्या की (चित्र साभार- ABP न्यूज़)

बिहार के बेगूसराय जिले में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की हत्या कर दी गई है। हत्या कार से कुचल कर की गई है। इस दौरान एक होमगार्ड जवान भी घायल हुआ है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना से मची अफरातफरी के बाद मौके पर मौजूद बाकी पुलिसकर्मियों ने छिप कर अपनी जान बचाई। हमले का आरोप शराब माफियाओं पर लगा है। पुलिस ने आरोपित कार चालक को हिरासत में ले लिया है जिस से पूछताछ की जा रही है। घटना मंगलवार (19 दिसंबर, 2023) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना बेगूसराय जिले के थाना क्षेत्र नावकोठी की है। यहाँ पुलिस को शराब तस्करी को लेकर सूचना मिली थी जिसके बाद चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। मंगलवार की रात सब-इंस्पेक्टर खमास चौधरी अपनी टीम के साथ छतौना पुल पर आने-जाने वाले वाहनों को चेक कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑल्टो कार उधर से गुजरी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने उसकी स्पीड बढ़ा दी। भाग रहे कार चालक ने सामने खड़े दरोगा खमस चौधरी को कुचल दिया।

इसी कार को रोकने का प्रयास कर रहे होमगार्ड जवान बालेश्वर यादव भी टक्कर की चपेट में आ गए। इस घटना से चेकिंग कर रही पुलिस टीम के अन्य जवानों में अफरातफरी मच गई। बाकी जवानों ने सुरक्षित जगह छिप कर अपनी जान बचाई। इसी बीच कार सवार मौके से भाग निकला। साथी जवानों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुँचाया। यहाँ डॉक्टरों ने सब-इंस्पेक्टर खमास चौधरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल होमगार्ड जवान बालेश्वर यादव का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था जिन्हें फिलहाल बेहतर चिकित्सा के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 2 जवानों ने भाग कर जान बचाई।

इस घटना के बाद बेगूसराय पुलिस ने फरार हुए कार चालक को खोजने का बड़े स्तर पर अभियान चलाया। रात में ही कार के मालिक को खोज निकाला गया और उसे हिरासत में ले लिया गया। हालाँकि, अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि घटना के दौरान कार कौन चला रहा था। इसी के साथ अब तक शराब की भी बरामदगी नहीं हो पाई है। इसी तरह जमुई में बालू माफिया ने ट्रैक्टर से कुचल कर दरोगा प्रभात रंजन की हत्या कर दी थी।

जब बिहार में ये सब हो रहा है, तब वहाँ के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली में मोदी विरोधी गठबंधन की बैठक में व्यस्त हैं। घटना वाले दिन भी वो दिल्ली में I.N.D.I. गठबंधन की बैठक में व्यस्त थे। उस बैठक में क्या निकला और क्या नहीं इस पर तो चर्चा चल रही है, लेकिन बिहार में ज़रूर आपराधिक घटनाएँ बढ़ रही हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया