60 साल की महिला से रेप करना चाहा, विरोध पर हत्या… फिर लाश के साथ किया रेप: नाबालिग के कारण नाम पब्लिश नहीं

रेप का विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की हत्या (साभार: Patrika)

राजस्थान से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के हनुमानगढ़ के पीलीबंगा कस्बे में एक लड़के ने 60 साल की महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। दुष्कर्म में असफल होने के बाद उसने महिला की हत्या कर दी। लेकिन उस लड़के के कदम यहीं नहीं रुके, उसने महिला के शव के साथ संबंध बनाए। 

पुलिस के मुताबिक दुलमाना निवासी आरोपित (कुछ मीडिया रिपोर्ट नाबालिग बता रहे हैं, इसलिए नाम छिपाया जा रहा है) नशे की हालात में था। उसने गलत मंशा से बुजुर्ग महिला के घर में प्रवेश किया था और दुष्कर्म करने की कोशिश की थी, इसमें वह असफल रहा। इसके बाद उसने गला दबा कर महिला की हत्या कर दी। 

पुलिस ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुजुर्ग महिला के देवर बनवारी लाल द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर धारा 450, 376 व 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मृत महिला विधवा थी। उसके पति की तीन साल पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और कोई संतान नहीं था। इसके कारण वह घर में अकेली रहती थी। शायद आरोपित इसी बात का फायदा उठाना चाहता था। वृद्धा पशुपालन कर अपना पेट भर रही थी।

इस संबंध में बुजुर्ग महिला के देवर बनवारी लाल ने पीलीबंगा थाना में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। बुधवार (सितंबर 15, 2021) रात लगभग साढ़े दस बजे भाभी (मृत महिला) उनके घर आई और कहा कि आरोपित थोड़ी देर पहले घर आया था। वह गलत नीयत से छेड़छाड़ करने लगा। धमकाया तो उनका मोबाइल फोन उठाकर भाग गया।

उनकी भाभी ने आरोपित से अपना मोबाइल फोन दिलवाने की बात कही। रात का वक्त होने की वजह से उसने गुरुवार (सितंबर 16, 2021) सुबह मोबाइल फोन दिलवाने का विश्वास दिलाते हुए भाभी को अपने घर पर ही सो जाने के लिए कहा। लेकिन घर में भैंस व अन्य मवेशी बँधे होने के की वजह से उनकी रखवाली के लिए भाभी को अपने घर जाना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक रात के लगभग एक बजे आरोपित ने शराब के नशे में किसी ग्रामीण से कहा कि उसने बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी है। उनको जब यह जानकारी मिली तो वह अन्य ग्रामीणों के साथ भाभी के घर गए। वहाँ उनकी लाश चारपाई पर पड़ी मिली। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जाँच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में रेप और गैंगरेप के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। राजस्थान लगातार दूसरे साल दुष्कर्म के मामलों में नंबर वन बना हुआ है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (National Crime Records Bureau) के मुताबिक राजस्थान में वर्ष 2020 में भी 5310 मामले दर्ज हुए हैं। ये देश में सबसे ज्यादा हैं। रेप और गैंगरेप की हैवानियत भरी वारदातों के कारण राजस्थान देश भर में कई बार बदनाम हो चुका है। 

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के मुताबिक राजस्थान में वर्ष 2019 में रेप के 5997 मामले दर्ज हुए थे। यह संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले थोड़ी कम है, लेकिन फिर भी देश भर में राजस्थान इसमें पहले स्थान पर है। 

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया