दिल्ली में सगे भाइयों पर शाहरुख ने चाकू से किया हमला: कमल किशोर की मौत, शिवम शर्मा की हालत चिंताजनक

शाहरुख ने सगे भाइयों पर चाकू से किया हमला, कमल किशोर की मौत (फोटो साभार: आज तक)

दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में सगे भाइयों पर चाकू से हमला किया गया। हमले में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। मृतक की पहचान 23 साल के कमल किशोर के तौर पर हुई है। 18 वर्षीय शिवम शर्मा गंभीर रूप से घायल है। आरोपित शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना मंगलवार (12 सितंबर 2023) शाम की है।

हमले की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है। शाहरुख के आपराधिक इतिहास की पड़ताल के साथ पुलिस मामले की जाँच में जुटी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना दिल्ली के साउथ-ईस्ट इलाके में आने वाले कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र की है। पुलिस को मंगलवार की शाम लगभग 6 बजे खड्डा कॉलोनी के ब्लॉक बी क्षेत्र में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुँची तो वहाँ 2 लोग घायल मिले।

दोनों को पुलिस ने अपोलो अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में कमल किशोर को मृत घोषित कर दिया गया। शिवम का इलाज चल रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। शिवम और कमल रिश्ते सगे भाई थे। इनके पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली के DCP राजेश देव ने बताया है कि 22 वर्षीय शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जानकारी में घटना की वजह आपसी विवाद बताया जा रहा है।

पुलिस ने IPC की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो में घायल सड़क पर गिरे हुए हैं, पीड़ित परिवार की महिलाएँ रो रही हैं।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने नाराजगी जताई है। खड्डा कॉलोनी की ही एक महिला ने बताया कि इस तरह की घटनाएँ पहले भी इलाके में हुईं हैं। मोहल्ले वालों ने पीड़ित परिवार के लिए न्याय और आरोपितों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की माँग की है। शाहरुख़ की करतूत से इलाके में तनाव बताया जा रहा है। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया