महाराष्ट्र में गोला-बारूद बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट, 9 की मौत: मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख का मुआवजा, कंपनी भी देगी ₹20 लाख

धमाके की जगह पर मौजूद उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस (चित्र साभार: HT & @Dev_Fadnavis)

महाराष्ट्र के नागपुर में स्थित सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड में एक बड़ा धमाका हुआ है। इस धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह कम्पनी भारत में गोला-बारूद का निर्माण करने वाली एक प्रमुख कंपनी है। वहीं, मृतकों के परिजन शवों का इंतजार कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, नागपुर के बाजारगाँव इलाके में स्थित सोलर इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में रविवार (17 दिसम्बर 2023) की सुबह एक तेज धमाका हुआ। यह धमाका गोला-बारूद को पैक करते समय फैक्ट्री के भीतर कास्ट बूस्टर प्लांट में हुआ। इसके बाद लोगों को चिथड़े उड़ गए। धमाके का समय सुबह 9:30 बजे बताया जा रहा है।

धमाके में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायलों की हालत देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सोलर इंडस्ट्रीज भारतीय सेना के लिए भी बड़े पैमाने पर गोला-बारूद बनाती है। इसके अलावा यह खनन तथा पहाड़ तोड़ने में उपयोग होने वाले विस्फोटकों का भी निर्माण करती है।

धमाके की खबर के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। महाराष्ट्र की सरकार ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को ₹5 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की है। सीएम ने घायलों को उचित उपचार दिलाने के भी निर्देश दिए हैं।

सोलर इंडस्ट्रीज में हुए इस धमाके में मरने वाले 9 लोगों में से 6 महिलाएँ है। सभी मृतक महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। घटनास्थल पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस भी पहुँचे हैं। उन्होंने कहा है कि मामले की गंभीरता से जाँच होगी।

महाराष्ट्र सरकार के ₹5 लाख के मुआवजे के अलावा ₹20 लाख सोलर इंडस्ट्रीज की तरफ से भी मुआवजे में दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इसकी जानकारी उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने दी है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया