सोनम सिद्दीकी बनीं लक्ष्मी, बरेली में विष्णु मौर्य संग लिए लिए सात फेरे: अब अयोध्या जाएँगी, बोली- भगवान राम में शुरू से आस्था

रिश्तेदारी में निकाह तय होने से नाराज बरेली की सोनम सिद्दीकी घर वापसी कर के बनीं लक्ष्मी (चित्र साभार- X/@himanshupatelrs)

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक मुस्लिम महिला ने घर वापसी की है। 26 वर्षीया महिला का नाम सोनम सिद्दीकी है, जो अब लक्ष्मी के नाम से जानी जाएगी। सोनम ने रविवार (25 फरवरी 2024) को एक हिन्दू मंदिर में विधि-विधान से अपने ही गाँव के विष्णु मौर्य को अपना जीवनसाथी चुना है। इस दौरान वेद मंत्रों के बीच जय श्रीराम के नारे लगे। हिन्दू संगठनों ने इस विवाह में सहयोग किया और वर-वधू दोनों को आशीर्वाद दिया। सोनम ने पुलिस से अपनी और अपने पति की सुरक्षा की गुहार लगाई है और परिजनों से खतरा बताया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला बरेली के देवरनिया थाना क्षेत्र का है। यहाँ के गिरधरपुर गाँव में रहने वाले विष्णु मौर्य और सोनम सिद्दीकी लगभग 12 साल से एक-दूसरे से परिचित हैं। दोनों में थोड़े समय बाद प्यार हो गया था। इन दोनों के रिश्तों की भनक दोनों परिवारों को लग चुकी थी। सोनम के घर वालों ने उन पर तमाम पाबंदियाँ लगा दीं। प्रतिबंधों के बावजूद सोनम जैसे-तैसे सोशल मीडिया के माध्यम से विष्णु मौर्य से जुडी रही। दोनों फोन से बात भी करते रहे।

सोनम और विष्णु बालिग होने का इंतजार करते रहे। हालाँकि, इस बीच सोनम सिद्दीकी ने अपने परिवार वालों को विष्णु से रिश्ते के लिए मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन पर कोई फर्क नहीं पड़ा। विष्णु ने गाँव के पास ही कीटनाशक दवाओं की दुकान खोल ली। बीच में समय निकाल कर सोनम विष्णु से मिलती भी रही। इस बीच सोनम को लगने लगा कि उसके परिजन विष्णु से रिश्ते के लिए कभी तैयार नहीं होंगे। सोनम का निकाह भी किसी रिश्तेदार से तय कर दिया गया था।

सोनम अपनी रिश्तेदारी में शादी होने से काफी नाराज थीं। उसने इसका विरोध किया। 24 फरवरी (शनिवार) को सोनम को उसके घर वालों ने विष्णु से रिश्ते के चलते बेरहमी से मारा-पीटा। जब यह बात विष्णु को पता चली तो वो परेशान हो उठे। अपनी जान का खतरा देखकर सोनम 24 फरवरी की रात को अपने घर से चुपके से भागने में कामयाब हो गई। वो सीधे विष्णु मौर्य के पास पहुँची। इस बीच विष्णु ने भी सोनम से शादी के लिए अपनी तरफ से कोशिशें शुरू कर दीं। उन्होंने शादी के लिए हिन्दू संगठनों से सम्पर्क साधा।

जैसे-तैसे 24 फरवरी की रात खुद को सुरक्षित करते हुए दोनों 25 फरवरी की सुबह एक साथ बरेली के इज्जतनगर इलाके में मौजूद भीटानाथ मंदिर पहुँचे। यहीं पर दोनों ने देवी-देवताओं के आगे एक-दूसरे को वरमाला डाली। पुजारी ने विधि-विधान से दोनों का विवाह करवाया। इस मौके पर हिन्दू संगठन के सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने जय श्रीराम के नारे के साथ लक्ष्मी बनीं सोनम की घर वापसी का स्वागत किया और दोनों को हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। सोनम सिद्दीकी विष्णु मौर्य के साथ अपनी शादी से बेहद खुश नजर आईं।

शादी बाद सोनम ने बरेली पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। अपने परिजनों से अपनी और अपने पति की जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनकी आस्था भगवान राम में रही है। अब सोनम अपने पति विष्णु के साथ अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए जाना चाहती हैं। साथ ही सोनम ने यह भी कहा कि पहले उनको तीन तलाक और हलाला से डर लगता था, लेकिन अब उनका डर दूर हो गया है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया