भैंस को डंडा मारने के विवाद ने लिया सांप्रदायिक रंग: यूपी के इस गाँव में पत्थरबाजी के साथ-साथ चले लाठी-डंडे, भारी संख्या में पुलिस फ़ोर्स को करना पड़ा कैंप

उत्तर प्रदेश के संभल में भैंस को डंडा मारने के विवाद में 2 पक्षों में पत्थरबाजी (चित्र साभार- वीरपाल सिंह FB)

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सांप्रदायिक तनाव की खबर है। यहाँ भैंस को डंडा मारने के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दोनों तरफ से पत्थरबाजी होने लगी। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले जिसमें 6 लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर गाँव में भारी संख्या में पहुँची पुलिस फ़ोर्स ने हालात को काबू किया है। पुलिस ने अब तक 22 लोगों को हिरासत में लिया है। गाँव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना शनिवार (11 मार्च, 2023) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला बहजोई थानाक्षेत्र के गाँव कमालपुर का है। शनिवार सुबह एक पक्ष की रास्ते में बँधी भैंस को दूसरे पक्ष में डंडा मार दिया। इस बात से शुरू हुए विवाद ने पहले झड़प का रूप लिया। बाद में दोनों पक्षों की तरफ से पत्थर चलने लगे। पुलिस का कहना है कि झगड़ा करने वाले लोग नशे में थे। पत्थरबाजी में कुल 6 लोग घायल हो गए हैं, जिसमें महिलाएँ भी हैं। मामले की सूचना मिलते ही गाँव में भारी संख्या में पुलिस फ़ोर्स पहुँची और मामले को शांत करवाया।

सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहाँ उनकी हालत स्थिर और सामान्य बताई जा रही है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों एक दूसरे को गंदी-गंदी गालियाँ दे रहे हैं। वहीं कुछ लोगों को छत और जमीन से पत्थरबाजी करते भी देखा जा सकता है। बवाल के चलते गाँव में अफरातफरी का माहौल बना हुआ था।

इस मामले में जानकारी देते हुए संभल जिले के पुलिस अधीक्षक IPS चक्रेश मिश्रा ने बताया कि विवाद मुस्लिम और हिन्दू पक्ष के बीच हुआ। झगड़े की वजह भैंस को डंडा मारना रही। अब तक कुल 22 आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। घटना में केस दर्ज कर के जरूरी कार्रवाई की जा रही है। गाँव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया