‘माना गोली मारी, लेकिन एनकाउंटर क्यों किया, 4-5 साल जेल में रखते’: उस्मान की पत्नी के बदले सुर, पहले बताया था बेगुनाह

उस्मान की बीवी ने माना पति ने मारी थी गोली (तस्वीर साभार: इंडिया टीवी)

उमेश पाल हत्याकांड के शूटर उस्मान का एनकाउंटर होने के बाद उसकी बीवी ने मीडिया के सामने उनके बेगुनाह होने का रोना रोया। हालाँकि अब वह भी कैमरे के आगे यह बात मान चुकी है कि हत्या उसके पति ने ही की है। लेकिन उसका कहना ये भी है कि पुलिस को उस्मान का एनकाउंटर नहीं करना चाहिए था चाहे तो उसे 4-5 साल के लिए जेल में डाल देते। 

इंडिया टीवी से बात करते हुए सुहानी ने कहा (वीडियो में 12 मिनट के बाद), “उनको फँसाया गया है। उनको जानकर फँसाया गया है। एनकाउंटर करना था इसलिए फँसाया गया है। बड़े भैया हमारे जेल में हैं और ये उन्हीं के काम से दौड़ते रहते थे।” सुहानी ने एनकाउंटर के लिए सीएम योगी को जिम्मेदार कहा। इसके बाद वह इस बात को स्वीकारती दिखी कि उमेश पाल पर पहली गोली चलाने वाला उस्मान (विजय चौधरी) था।

आगे वो कहती है, “हम न्यूज में देखे तो चलो हम मानते हैं कि उन्होंने गोली मारी। लेकिन पुलिस को उन्हें जान से नहीं मारना चाहिए। उनका एनकाउंटर नहीं करना चाहिए। जेल भेज देते। वो चार-पाँच साल रहते जेल में रहते।

पुलिस को झूठा बताया, उस्मान का बचाव किया

बता दें कि इससे पहले उस्मान उर्फ विजय चौधरी की बीवी ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा था, “मेरे पति को कहीं अलग से नहीं पकड़ा। पुलिस चू&^%$ बना रही है। वो लोग- वाले सारी रात यहीं थे, सुबह 7 बजे गए हैं। हमसे पुलिस ने कहा कि तुम अपने पति को आवाज दो, बुलाओ। हम जानते थे कि हमारे पति को ये लोग (एनकाउंटर) कर देंगे। हमें सब पता था लेकिन हमारे पति ऐसे नहीं थे। हमारे पति घोरपुर में गाड़ी चलाते थे। 24 तारीख को हमारे पति घर आए थे। इसका (उमेश पाल के मर्डर का) हमें नहीं पता है। लेकिन वो घर आए थे।”

पत्रकार ने जब कहा कि क्या वो दिन भर घर पर था? इस पर उस्मान की बीवी ने कहा, “हाँ वो पूरा दिन घर पर थे। हमारे भैया भी जेल में है। उनका केस सतना भेजा गया है। हमारे पति वहीं गए थे। 26 फरवरी से 2 मार्च तक वो वहीं थे।” मीडिया ने जब इनसे पूछा कि क्या पुलिस झूठ बोल रही है, तो पीछे से आवाज हाँ में आवाज आई।

उमेश पाल हत्याकांड के बाद कार्रवाई

बता दें कि प्रयागराज में 24 फरवरी को दिनदहाड़े हुई उमेश पाल की हत्या मामले में पुलिस लगातार माफियाओं और गुर्गों पर शिकंजा कस रही है। उस्मान से पहले अरबाज नाम का गुर्गा एनकाउंटर में मारा गया था। उसके ऊपर वो गाड़ी चलाने का आरोप था जिससे आकर बदमाशों ने उमेश पाल को मारा।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया