तेज बाइक, टोकने पर गाली-गलौज, देख लेने की धमकी… फिर मुस्लिम भीड़ ने की फायरिंग व पथराव: कई जख्मी, हालात तनावपूर्ण

बुलंदशहर एसएसपी संतोष कुमार सिंह (फोटो साभार: Knews)

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दो पक्षों में विवाद हो गया। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के छासियावाड़े में शुक्रवार (फरवरी 7, 2020) को बाइक दौड़ाने को लेकर बवाल हुआ और दो पक्षों में पथराव व फायरिंग भी हुई। इस पथराव और फायरिंग की घटना में एक युवक की आँख में गोली लग गई। उसको स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि पथराव में कई लोग जख्मी हो गए हैं। स्थिति पर काबू पाने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। बुलंदशहर के एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने दोनों समुदाय के बीच विवाद की पुष्टि की और साथ ही बताया कि इसमें 4 नामजद अभियुक्त हैं।

दरअसल शुक्रवार की सुबह सिंकदराबाद कोतवाली क्षेत्र के छसियावाड़े मोहल्ले में दो युवक काफी तेज रफ्तार से बाइक चला कर जा रहे थे। इस बारे में बात करते हुए सैनी समुदाय के सोनू ने बताया कि गद्दी की तरफ से दो युवक 60-65 की स्पीड से बाइक से आ रहे थे। इस पर जब उन्होंने उनको वहाँ पर टोका कि बाइक धीरे चलाओ तो उन्होंने गाली गलौज करना शुरू कर दिया और फिर वह यह कहकर चले गए कि वापस आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि गद्दी से आने वाला युवक मुस्लिम समुदाय का था। जानकारी के मुताबिक कुछ समय बाद मुस्लिम समाज के 50 से अधिक लोग छासियावाड़ा में आए और वहाँ पर खड़े युवकों को पीट दिया। जिसके बाद दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों से खूब पथराव हुआ। कई राउंड गोलियाँ चली और तोड़फोड़ का भी प्रयास हुआ। सोनू ने बताया कि वो लोग फायरिंग करते हुए ही आए और पथराव भी उन्हीं लोगों ने किए।

बता दें कि छासियावाड़ा मोहल्ले में अधिकतर आबादी सैनी समाज के लोगों की है। पुलिस ने बताया कि सैनी पक्ष की तरफ से पुलिस को शिकायत दे दी गई है। जबकि मुस्लिम पक्ष की तरफ से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालाँकि एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुँचकर मामले को शांत करवा दिया है और आगे की जाँच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह विवाद केवल बाइक की रफ्तार का नहीं है। बल्‍कि किसी और विवाद का है। जिसकी जाँच हो रही है। जल्‍द ही इसका पता लगा लिया जाएगा।  

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया