ATM से पैसे निकाल रही थी गर्भवती आलिया, शौहर जीशान ने कर दी हत्या: घर लौट छोटे भाई को भी मारी गोली, अवैध संबंधों का था शक

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में जीशान सिद्दीकी ने अपनी गर्भवती बीवी और भाई को गोली मार दी। गोली लगने से जीशान की 35 वर्षीया बीवी आलिया की मौत हो गई है, जबकि उसके भाई रिहान का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रारम्भिक पूछताछ में पता चला है कि जीशान को अपनी बीवी और भाई के बीच अवैध संबंधों का शक था।

जीशान को यह भी लगता था कि उसकी बीवी के पेट में पल रहा बच्चा उसके भाई का ही है। फिलहाल आरोपित फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। सहारनपुर के मंडी कोतवाली थाना क्षेत्र की यह घटना मंगलवार (27 फरवरी 2023) की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 5 साल पहले आलिया का निकाह जीशान सिद्दीकी से हुआ था। कुछ समय तक सब सही रहा, लेकिन बाद में मियाँ-बीवी में झगड़े होने लगे। झगड़े की वजह जीशान का अपनी बीवी के चरित्र पर शक बताया जा रहा है। जीशान को लगता था कि उसकी बीवी आलिया का अपने ही देवर रिहान सिद्दीकी से अवैध संबंध है। इस बीच आलिया गर्भवती हुई। जीशान का मानना था कि आलिया के पेट में पल रहा बच्चा उसका नहीं, बल्कि उसके भाई रिहान का है।

बताया जा रहा है कि लगभग 1 माह पहले जीशान और आलिया के बीच झगड़ा हुआ। इससे गुस्सा हो कर आलिया अपने मायके चली गई। मंगलवार (27 फरवरी) को जीशान अपनी ससुराल पहुँचा। उसने ATM से पैसे निकालने के बहाने आलिया को साथ लिया और मंडी समिति रोड स्थित HDFC बैंक के ATM पर ले गया। जब आलिया ATM से पैसे निकालने लगी तभी जीशान ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर अवस्था में आलिया को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया।

आलिया को गोली मारने के बाद जीशान सीधे कोतवाली देहात थाना क्षेत्र स्थित अपने घर पहुँचा। यहाँ उसने अपने सगे भाई रिहान को गोली मारी। गोली रिहान की गर्दन पर लगी और वो गिर कर छटपटाने लगा। इसके बाद जीशान सिद्दीकी फरार हो गया। रिहान को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आलिया का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। FIR दर्ज कर आरोपित जीशान की तलाश शुरू कर दी गई है। फ़िलहाल उसकी लोकेशन हरियाणा में मिलनी बताई जा रही है। पुलिस ने जीशान को जल्द गिरफ्तार कर लेने की बात कही है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया